क्षेत्रीय मामलों के बारे में रूहानी और पुतीन की अहम बात चीत
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i47420-क्षेत्रीय_मामलों_के_बारे_में_रूहानी_और_पुतीन_की_अहम_बात_चीत
ईरान व रूस के राष्ट्राध्यक्षों ने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के परिप्रेक्ष्य में तेहरान व माॅस्को की समरसता व परामर्श को विस्तृत करने की आवश्यकता पर बल दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १४, २०१७ १६:३२ Asia/Kolkata
  • क्षेत्रीय मामलों के बारे में रूहानी और पुतीन की अहम बात चीत

ईरान व रूस के राष्ट्राध्यक्षों ने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के परिप्रेक्ष्य में तेहरान व माॅस्को की समरसता व परामर्श को विस्तृत करने की आवश्यकता पर बल दिया है।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने सोमवार को रूस केे राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन से टेलीफ़ोन पर बात करते हुए कहा कि तेहरान की सैद्धांतिक नीति अपने पड़ोसी देशों विशेष कर रूस के साथ रणनैतिक संबंधों के विस्तार पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यमन, इराक़ व सीरिया जैसे क्षेत्रीय  देशों की अत्यंत चिंताजनक स्थिति के समाधान विशेष कर आतंकवाद से संघर्ष में ईरान व रूस के आपसी परमार्श और समरसता को बढ़ाना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद को यमन में मानवीय सहायताएं भेजने के काम को आसान बनाने के लिए प्रभावी क़दम उठाने चाहिए और इसमें कोई भी शर्त नहीं लगानी चाहिए।

 

ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात की ओर इशारा करते हुए कि परमाणु समझौता एक बहुपक्षीय समझौता है और अमरीका की कार्यवाहियां इस समझौते का उल्लंघन हैं, कहा कि इस समझौते को मज़बूत बनाने और सभी पक्षों की ओर से इस समझौते के अंतर्गत अपनी प्रतिबद्धताओं के पालन को सुनिश्चित करने के लिए रूस को अधिक सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

 

इस टेलीफ़ोनी वार्ता में रूस केे राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन ने कहा कि क्षेत्र की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए ईरान व रूस की कोशिशों के अच्छे परिणाम निकले हैं। उन्होंने कहा कि तेहरान व माॅस्को आपसी सहयोग और परामर्श में विस्तार के माध्यम से यमन के लोगों के लिए मानवता प्रेमी सहायताएं भेजने में आसानी पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईएईए की रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने परमाणु समझौते के अंतर्गत अपनी सभी प्रतिबद्धताओं को पूरा किया है और वार्ता के किसी भी पक्ष की ओर से इस समझौते का उल्लंघन, संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव नंबर 2231 का उल्लंघन है। (HN)