बारसिलोना हमला निंदनीय, आतंकवाद के ख़िलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय गठजोड़ ज़रूरी है, ईरान
-
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने स्पेन में हुए आतंकवादी हमले की भर्त्सना करते हुए आतंकवाद, हिंसा और अशांति के ख़िलाफ़ एक अंतर्राष्ट्रीय गठजोड़ की अपील की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने स्पेन के बारसिलोना शहर में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए इस हमले के पीड़ितों के परिजनों और स्पेन की सरकार व राष्ट्र से हमदर्दी जतायी।
गुरुवार को बारसिलोना के लास रैमब्लास इलाक़े में एक आतंकी ने लोगों पर वैन चढ़ा दी जिसमें कम से कम 13 व्यक्तियों की मौत हुयी और 100 घायल हुए।
दाइश ने इस आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी ली है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने इस घटना पर शुक्रवार को अपने बयान में आतंकवाद को एक बेलगाम अंतर्राष्ट्रीय समस्या बताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि चरमपंथी आतंकियों ने क्षेत्र में रणक्षेत्र में मिल रही निरंतर हार के बाद दुनिया के सुदूर क्षेत्र में अंधाधुंध आतंकवादी हमले का इरादा किया और उनका लक्ष्य बेगुनाह लोगों का जनसंहार करना है।
उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि अंतर्राष्ट्रीय समस्या अंतर्राष्ट्रीय संकल्प से ही हल होगी, कहा कि जो देश हक़ीक़त में आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष करना चाहते हें उन्हें हिंसा, अशांति और आतंक के ख़िलाफ़ एक अंतर्राष्ट्रीय गठजोड़ बनाना और आतंकवाद के जड़ से सफ़ाए को अपनी मूल प्राथमिकता क़रार देना चाहिए।
उन्होंने ईरान को आतंकवाद व चरमपंथ के ख़िलाफ़ संघर्ष में आतंकवाद की भेंट चढ़ने और इस मार्ग में बड़ी क़ीमत अदा करने वाला देश बताते हुए एलान किया कि ईरान आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष में विश्व समुदाय के साथ सहयोग के लिए तय्यार है। (MAQ/N)