ईरान क्षेत्र में स्थिरता का स्रोत हैः जनरल सुलैमानी
आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर ने कहा है कि ईरान ने कभी भी संकट उत्पन्न नहीं किया, कभी तकफ़ीरी विचारधारा का पोषण नहीं किया और आज वह पूरे क्षेत्र में स्थिरता का स्रोत है।
ब्रिगेडियर जनरल क़ासिम सुलैमानी ने रविवार को विश्व मस्जिद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह में कहा कि सऊदी अरब ने जैशुल इस्लाम, जैशुल हुर और अन्य आतंकी गुटों को ईरान के ख़िलाफ़ पैदा किया लेकिन अब ईरान, सीरिया में स्थिरता का स्रोत बना हुआ है। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ईरान ने सैन्य ताक़त से नहीं बल्कि धार्मिक शक्ति से क्षेत्र में सऊदी अरब के धार्मिक युद्ध को नियंत्रित किया, कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, क्षेत्र में एक वास्तविक शक्ति का प्रतीक है।
आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर ने इसी तरह सीरिया में दाइश के आतंकियों के हाथों मोहसिन हुजजी की शहादत की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस शहीद का प्रशिक्षण मस्जिद के वातावरण में हुआ था। उन्होंने कहा कि पश्चिमी जगत से ईरान का टकराव भी मस्जिदुल अक़सा और मस्जिदुल हराम समेत मस्जिद को लेकर ही है। ब्रिगेडियर जनरल क़ासिम सुलैमानी ने कहा कि मस्जिद, इस्लामी जगत का धार्मिक, राजनैतिक व सामाजिक जीवन है और धर्मांधता और विदेशी अतिक्रमण आज ईरान व इस्लामी जगत के समक्ष दो गंभीर ख़तरे हैं। (HN)