क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान, क्षेत्रीय देशों के माध्यम से होः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान सहित क्षेत्रीय देशों की समस्याओं का समाधान, क्षेत्रीय स्तर पर ही किया जाए।
डा. हसन रूहानी का कहना है कि क्षेत्र की जो समस्याए हैं उनका समाधान क्षेत्रीय देशों की सहायता से ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाहरी शक्तियों के माध्यम से यह समाधान संभव नहीं है।
राष्ट्रपति रूहानी ने सोमवार को तेहरान में पाकिस्तान के विदेशमंत्री ख़ाजा मुहम्मद आसिफ़ के साथ भेंट में कहा कि ईरान और पाकिस्तान को चाहिए कि क्षेत्र में शांति की स्थापना में आपस में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में पाकिस्तान सहित क्षेत्रीय देशों साथ सहयोग के लिए तेहरान तैयार है।
डा. रूहानी ने ईरान और पाकिस्तान के संबन्धों को मैत्रीपूर्ण बताते हुए कहा कि दोनो देश, क्षेत्र के प्रभावशाली देश हैं। उनका कहना था कि दोनो देशों की सीमाओं पर शांति एवं सुरक्षा, ईरानी और पाकिस्तानी राष्ट्रों के हित में है।
तेहरान में होने वाली इस भेंटवार्ता में पाकिस्तान के विदेशमंत्री ख़ाजा मुहम्मद आसिफ़ ने भी ईरान और पाकिस्तान की संयुक्त सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मज़बूत करने पर बल दिया।