इराक़ी सेना प्रमुख ईरान के दौरे पर, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के प्रमुख मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी ने एक बार फिर बल देकर कहा है कि भौगोलिक परिवर्तन और इराक़ से किसी भाग का अलग होना, स्वीकार्य नहीं है और ईरान केवल एक जुट इराक़ को ही मानता है।
मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी ने बुधवार की रात तेहरान में इराक़ी सेना के प्रमुख जनरल उसमान ग़ानेमी से तेहरान में मुलाक़ात में बल दिया कि ईरान और इराक़ की संयुक्त सीमाएं वही होंगी जिसे इराक़ के क़ानूनी प्रधानमंत्री ने निर्धारित किया है। इसी बीच बुधवार को ही ईरानी सेना प्रमुख बाक़ेरी ने तुर्की के सैन्य एवं राजनीतिक शिष्टमंडल से भी मुलाक़ात की और इराक़ी कुर्दिस्तान के मुद्दे पर विचार विमर्श किया।
ईरान, इराक़ और तुर्की, कुर्दिस्तान में इराक़ से अलग होने के लिए आयोजित हुए जनमत संग्रह से महीनों पहले ही सघन वार्ताओं और विचार विमर्श में व्यस्त रहे हैं और तीनों देशों ने इस जनमत संग्रह को इराक़ के संविधान और अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों के विरुद्ध बताया है। ईरान, इराक़ और तुर्की ने कुर्दिस्तान के जनमत संग्रह पर जो चिंताएं व्यक्त की हैं उनका मुख्य कारण राष्ट्रीय सुरक्षा है। इसी परिधि में तुर्की के चेयरमैन ज्वाइंट चीफ़्स आॅफ़ स्टाफ़ खुलूसी आकार अगले कुछ ही दिनों में तेहरान का दौरा करने वाले हैं। ईरान, इराक़ और तुर्की के निरंतर सैन्य परामर्श से इराक़ और उसके पड़ोसी देशों में शांति की स्थापना को महत्व दिए जाने का पता चलता है।
तेहरान, बग़दाद और अंकारा का संयुक्त लक्ष्य इराक़ और उसके पड़ोसी देशों के भीतर स्थाई शांति स्थापित करना है। उत्तरी इराक़ के सीमावर्ती क्षेत्र में इराक़ और तुर्की के संयुक्त सैन्य अभ्यास का आयोजन, जनरल उसमान ग़ानेमी के तेहरान दौरे और भविष्य में तुर्क सैन्य प्रमुख के तेहरान दौरे से इराक़ में शांति की स्थापना और इराक़ के पड़ोसी देशों के साथ उसकी सीमाओं पर शांति की स्थापना के महत्व का पता चलता है। (AK)