ईरान के सशस्त्र बलों के कमांडरों की आपातकालीन बैठक
ईरान के सशस्त्र बलों के वरिष्ठ कमांडरों ने इराक़ की ताज़ा स्थिति की समीक्षा करने के लिए एक बैठक की है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार शनिवार को इराक़ की अखंडता के समर्थन पर आधारित ईरान की नीतियों को लागू करने और ईरान और इराक़ की सीमाओं पर इराक़ी सरकार की संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए ईरान के सहयोग के संबंध में इराक़ी सरकार के अनुरोध के बाद ईरान के सशस्त्र बलों के कमांडरों ने शनिवार को एक आपातकालीन बैठक की है। इस बैठक की अध्यक्षता सशस्त्र बलों के प्रमुख जनरल मोहम्मद बाक़री ने की।
सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मसूऊद जज़ाएरी ने बैठक में लिए गए फ़ैसलों के बारे में कहा कि इस बैठक में इराक़ की अखंडता और एकता के संरक्षण पर ज़ोर दिया गया। उन्होंने इराक़ी कुर्दिस्तान में हुए जनमत संग्रह को अवैध करार दिया।
जनरल जज़ाएरी का कहना था कि इस बैठक में फ़ैसला किया गया है कि इराक़-ईरान सीमाओं की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी और संयुक्त सीमाओं पर इराक़ी सेनाओं के साथ सहयोग किया जाएगा।
ईरान की सशस्त्र सेनाओं के कमांडरों की बैठक में यह भी फ़ैसला किया गया है कि ईरान और इराक़ की सेना सीमाओं पर साझा सैन्य अभ्यास किया जाएगा। (RZ)