ईरान, पड़ोसियों को प्राथमिकता देता हैः जवाद ज़रीफ़
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने बुधवार की रात ट्वीट किया कि ईरान के लिए पड़ोसी, सबसे पहले हैं।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने अपनी ओमान और क़तर की यात्राओं और इन यात्राओं में ओमान और क़तर नरेश से होने वाली मुलाक़ातों तथा तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान की तेहरान यात्रा की ओर संकेत करते हुए लिखा कि ईरान के लिए पड़ोसी बहुत महत्व रखते हैं।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार और मंगलवार को महत्वपूर्ण क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों तथा द्विपक्षीय विषयों पर विचार विमर्श के लिए ओमान और क़तर की यात्रा की थी। विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को ओमान नरेश सुलतान क़ाबूस से मुलाक़ात में सीरिया, यमन और इराक़ी कुर्दिस्तान की वर्तमान स्थिति सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रीय विषयों पर विवचार विमर्श किया था।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने दोहा में क़तर नरेश से मुलाक़ात में बल दिया था कि क्षेत्र के किसी भी संकट का सैन्य समाधान नहीं है और समस्त पक्षों को शांतिपूर्ण समाधान के लिए वार्ताओं पर प्रतिबद्ध रहना चाहिए। विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को दोहा में क़तर नरेश शैख़ तमीम बिन हमद आले सानी से मुलाक़ात में कहा था कि ईरान का यह मानना है कि समस्त पक्षों को क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा था कि ईरान की सैद्धांतिक नीति, अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध रखना है।
इसी प्रकार तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान बुधवार को एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल के साथ तेहरान के दौरे पर थे। इस दौरे के दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई और राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी से मुलाक़ात की थी। वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने बुधवार की रात तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान से मुलाक़ात में इराक़ी कुर्दिस्तान में रिफ़्रेंडम के आयोजन से अमरीका व ज़ायोनी शासन के हितों की ओर संकेत करते हुए कहा था कि अमरीका व विदेशी शक्तियां अविश्सनीय और क्षेत्र में "नया इस्राईल" बनाने की कोशिश में हैं। (AK)