दुनिया को पता चल गया कि अमरीकी सरकार अविश्वसनीय हैः न्यायपालिका प्रमुख
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i51199-दुनिया_को_पता_चल_गया_कि_अमरीकी_सरकार_अविश्वसनीय_हैः_न्यायपालिका_प्रमुख
ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने कहा है कि अमरीका ने जेसीपीओए के विषय पर यह सिद्ध कर दिया कि वह अविश्वसनीय है और उसने दुनिया के सामने अपनी खिल्ली उड़ाई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct १६, २०१७ १८:२३ Asia/Kolkata
  • दुनिया को पता चल गया कि अमरीकी सरकार अविश्वसनीय हैः न्यायपालिका प्रमुख

ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने कहा है कि अमरीका ने जेसीपीओए के विषय पर यह सिद्ध कर दिया कि वह अविश्वसनीय है और उसने दुनिया के सामने अपनी खिल्ली उड़ाई है।

ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने सोमवार को न्यायपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के हालिया ईरान विरोधी बयान की ओर संकेत करते हुए कहा कि जेसीपीओए वार्ता ने दर्शा दिया कि ईरान वार्ता और तर्क का पक्षधर है और उसे अंतर्राष्ट्रीय समीकरणों और कूटनयिक भाषा की सूक्ष्म पहचान और जानकारी है।

उन्होंने आईआरजीसी के विरुद्ध ट्रम्प की बकवास और उनके अपशब्दों की ओर संकेत करते हुए कहा कि यह बयान, सीरिया और इराक़ में आतंकवादियों के विरुद्ध आईआरजीसीस के संघर्ष से उनको होने वाले नुक़सान का परिणाम है।

आयतुल्लाह आमुली लारीजानी ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि वर्चस्ववादी देशों ने विभिन्न लक्ष्यों के अंतर्गत दाइश को अस्तित्व प्रदान किया, कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान ने दाइश के आतंकियों की प्रगति के समय सीरिया और इराक़ की क़ानूनी सरकारों की सहायता की और इसीलिए वर्चस्ववादी देश नाराज़ हो गये हैं।

ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा कि खेद की बात यह है कि क्षेत्र के कुछ देशों ने अपने और इस्लामी जगत के हितों की अनदेखी करते हुए अरबों डाॅलर के हथियार अमरीका से ख़रीदे हैं किन्तु अब अमरीका ईरानी मीज़ाइलों की निंदा कर रहा है जो दुश्मनों के विस्तारवाद और उनके वर्चस्व से मुक़ाबले के लिए हैं।

ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार की रात अपने घिसे पिटे बयान में ईरान द्वारा संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए की पुष्टि नहीं की और एक बार फिर उन्होंने ईरान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते हुए इस्लामी क्रांति संरक्षक बल सिपाहे पासदारान पर नये प्रतिबंध लगा दिए।

आईआरजीसी इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी गुटों से संघर्ष के लिए इन देशों के आधिकारिक निमंत्रण पर परामर्श सहायता दे रही है और अमरीका समर्थित आतंकवादियों से संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

वाइट हाऊस ने शुक्रवार को ईरान और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की नई और तथाकथित व्यापक रणनीति जारी की और उसके कुछ देर बाद अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अपने बयान में ईरान पर जेसीपीओए के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा है कि जेसीपीओए अमरीकी इतिहास का सबसे बुरा समझौता है और जब भी आवश्यक समझेंगे इस समझौते को तोड़ देंगे।

डोनल्ड ट्रम्प ने इसी प्रकार ईरान पर नये प्रतिबंध लगाने की भी सूचना दी है। (AK)