ईरान और सीरिया के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी
इस्लामी गणतंत्र ईरान की सशस्त्र सेना के प्रमुख और सीरिया की सशस्त्र सेना के प्रमुख ने दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने के सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
अल आलम टीवी चैनल की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार इस सहमति पत्र पर ईरान की सशस्त्र सेना के प्रमुख मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी और सीरिया की सशस्त्र सेना के प्रमुख मेजर जनरल अली अय्यूब के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद हस्ताक्षर हुए।
इस सहमति पत्र में सैन्य प्रशिक्षण, सूचनाओं तथा यु्द्ध के अनुभव के आदान प्रदान, तकनीक के स्थानांतरण, आतंकवाद से संघर्ष और क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को मज़बूत करने के विषय शामिल हैं।
ज्ञात रहे कि ईरान के चीफ़ आॅफ़ आर्मी स्टाफ़ मंगलवार को एक सैन्य प्रतिनिधि मंडल के साथ सीरिया की राजधानी दमिश्क़ पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भी मुलाक़ात की थी।
ईरान के सेना प्रमुख ब्रिगेडयर जनरल मुहम्मद बाक़ेरी ने बुधवार को दमिश्क़ में सीरिया के रक्षा मंत्री जनरल फ़हद जासिम अल अफ़रीज से भी मुलाक़ात की थी। इस यात्रा का लक्ष्य ईरान व सीरिया के सैन्य व प्रतिरक्षा सहयोग का विस्तार, आतंकवाद से संघर्ष के बारे में परमार्श व समन्वय और क्षेत्र की स्थिरता व सुरक्षा के मार्गों की समीक्षा बताया गया है। (AK)