विदेशमंत्री से पाक सेना प्रमुख की मुलाक़ात, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ और पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा ने तेहरान में एक दूसरे से मुलाक़ात और दोनों देशों के बीच सहयोग में विस्तार के विषय पर विचार विमर्श किया।
पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा और ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को होने वाली द्विपक्षीय मुलाक़ात में परस्पर रुचि के सभी मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
जनरल क़मर जावेद बाजवा और श्री जवाद ज़रीफ़ के बीच मुलाक़ात में सीमा सुरक्षा, मादक पदार्थ निरोधक और आतंकवाद तथा चरमपंथ की रोकथाम जैसे विषयों पर बातचीत हुई।
इससे पहले पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल जावेद बाजवा ने तेहरान में अपने समकक्ष मेजर जनरल मुहम्मद बाक़िरी से मुलाक़ात में तेहरान-इस्लामाबाद संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
ईरान और पाकिस्तान की सशस्त्र सेना के प्रमुखों के बीच होने वाली मुलाक़ात में दोनों देशों के बीच सैन्य और रक्षा सहयोग में विस्तार पर भी बल दिया गया।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा ईरानी अधिकारियों से मुलाक़ात और परस्पर सहयोग के विस्तार के उद्देश्य से रविवार की रात तेहरान पहुंचे थे। (AK)