क्षेत्र के लिए शत्रु नए षडयंत्र बना रहे हैंः हसन रूहानी
राष्ट्रपति ने कहा है कि हर प्रकार के षडयंत्रों के विफल हो जाने के बाद शत्रु, अब क्षेत्र के लिए नए षडयंत्र बना रहे हैं।
डाक्टर हसन रूहानी ने शनिवार को तेहरान में पत्रकारों से बात करते हुए आतंकवादियों के विरुद्ध क्षेत्रीय राष्ट्रों की सफलता का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इराक़, सीरिया और लेबनानी राष्ट्रों ने अपने देशों की सेना और मित्र देशों के सहयोग से आतंकवाद का डटकर मुक़ाबला किया और इसको लगभग क्षेत्र से निकाल बाहर कर दिया। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि शत्रु की यह योजना थी कि क्षेत्रीय देशों का विघटन करके क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को परिवर्तित कर दिया जाए जिसे विफल बना दिया गया।उन्होंने कहा इस बात को लेकर अमरीका और ज़ायोनी शासन बहुत क्रोधित हैं।
ईरान के राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि लंबे समय से निर्दोष यमनवासी, बमबारी का शिकार हो रहे हैं और अब यह नौबत आ गई हैं कि यमन में बड़े पैमाने पर भुखमरी फैल चुकी है और वहां पर हैज़ा सहित तरह-तरह की बीमारिया फैल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में असहनीय है।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि वर्तमान समय में क्षेत्र की परिस्थितियां यह दर्शाती हैं कि शत्रु, क्षेत्र के लिए नए षडयंत्र बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि एेसे में क्षेत्र के राष्ट्रों को बहुत ही होशियारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संचार माध्यमों और सोशल मीडिया को इस ओर ध्यान देना चाहिए कि बड़ी शक्तियाों विशेषकर अमरीका की योजना, लोगों को निराश करना है। एेसे में लोगों को दुश्मन की चाल में नहीं आना चाहिए।