ईरान किसी देश के आंतरिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करता, क़ासेमी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i52101-ईरान_किसी_देश_के_आंतरिक_मामले_में_हस्तक्षेप_नहीं_करता_क़ासेमी
ईरान अपनी सैद्धान्तिक नीति के आधार पर दूसरे देशों के आतंरिक मामलों में कभी भी हस्तक्षेप नहीं करता।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov १३, २०१७ १३:५६ Asia/Kolkata
  • ईरान किसी देश के आंतरिक मामले में हस्तक्षेप नहीं करता, क़ासेमी

ईरान अपनी सैद्धान्तिक नीति के आधार पर दूसरे देशों के आतंरिक मामलों में कभी भी हस्तक्षेप नहीं करता।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने सोमवार को तेहरान में देश-विदेश के पत्रकारों के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बल दिया कि ईरान लेबनान में शांति व स्थिरता का हमेशा से समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि लेबनान के प्रधान मंत्री सअद हरीरी के इस्तीफ़े का विषय ख़ुद लेबनानियों से संबंधित है।

उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ अरब संघ की तुरंत बैठक के आयोजन के लिए सऊदी अरब के निवेदन के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि सऊदी अरब की ओर से इस तरह की कोशिश कोई नई बात नहीं है और आले सऊद शासन के अधिकारी आंतरिक व विदेशी स्तर पर मुश्किलों और निरंतर हार के कारण ईरान के ख़िलाफ़ सर्वसहमति बनाना चाहते हैं।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि क्षेत्र के पिछले एक साल के हालात सऊदी अरब की नीतियों की नाकामी को दर्शाते हैं, कहा कि क़ाहेरा में अरब संघ की आगामी बैठक से भी सऊदी अरब को कोई फ़ायदा पहुंचने वाला नहीं है क्योंकि क्षेत्र के देश क्षेत्र के हालात पर गहरी नज़र रखे हुए हैं।

बहराम क़ासेमी ने लेबनान में छद्म युद्ध छेड़ने के लिए सऊदी अरब की कोशिश के बारे में कहा कि कल्पना को आधार बना कर दृष्टिकोण नहीं क़ायम किया जा सकता लेकिन ईरान की नीति देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और बातचीत की अनुशंसा पर आधारित है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ब्रितानी विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन के तेहरान दौरे के बारे में कहा कि यह दौरा इस वर्ष के अंत तक होगा।

उन्होंने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन के संभावित ईरान दौरे के बारे में कहा कि मैक्रोन के ईरान दौरे के बारे में बातचीत चल रही है लेकिन अभी तारीख़ तय नहीं हुयी है।

बहराम क़ासेमी ने मैक्रोन के ईरान के मीज़ाईल कार्यक्रम के बारे में दृष्टिकोण की आलोचना करते हुए कहा कि फ़्रांसीसी राष्ट्रपति का बयान नियोजित नहीं था और फ़्रांसीसी अधिकारियों को चाहिए कि क्षेत्र के मामलों के बारे में समझ से काम लें क्योंकि कुछ लोग दोनों देशों के संबंध को प्रभावित करने के प्रयास में हैं।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरिया में दाइश की हार के बाद ईरान की मौजूदगी के बारे में कहा कि ईरान सीरिया में इस देश की सरकार के अनुरोध पर था और इस देश से दाइश के पूरी तरह सफ़ाए के बाद तेहरान दमिश्क़ के साथ द्विपक्षीय सहयोग के लिए तय्यार है लेकिन सहयोग का स्वरूप अलग होगा। (MAQ/N)