क्षेत्र में आतंकवाद की कमर टूट चुकी हैंः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i53409-क्षेत्र_में_आतंकवाद_की_कमर_टूट_चुकी_हैंः_रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि क्षेत्र में आतंकवाद का मुख्य आधार धराशाई हो चुका है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०५, २०१७ १४:२४ Asia/Kolkata
  • क्षेत्र में आतंकवाद की कमर टूट चुकी हैंः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि क्षेत्र में आतंकवाद का मुख्य आधार धराशाई हो चुका है।

डा. हसन रूहानी ने कहा कि क्षेत्रीय राष्ट्रों के विरुद्ध विश्व वर्चस्ववाद और ज़ायोनियों की ओर से रचे गए षडयंत्र के एक बहुत बड़े भाग को विफल बना दिया गया। 

राष्ट्रपति रूहानी ने मंगलवार को तेहरान में 31वें, अन्तर्राष्ट्रीय इस्लामी एकता सप्ताह सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में कहा कि क्षेत्र में आतंकवाद के समर्थकों के विनाश तक आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष जारी रहेगा।  उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शांति एवं स्थिरता में प्रतिरोधकर्ताओं की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है।  राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि बड़े अफ़सोस की बात है कि वे लोग जो विश्व शांति की कामना करते हैं वे ही आतंकवाद के मुक़ाबले में प्रतिरोधकर्ताओं का आभार व्यक्त करने के स्थान पर उन्हीं को नष्ट करने की कोशिशें कर रहे हैं।  उन्होंने प्रतिरोध के मोर्चे के शत्रु के साथ कुछ क्षेत्रीय देशों की खुली दोस्ती की ओर संकेत करते हुए कहा कि युवा, धर्मगुरू और जागरूक लोग इस दुष्ट षडयंत्र को कभी भी सफल नहीं होने देंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीकियों, विश्व वर्चस्ववाद और ज़ायोनियों को इस बात का उत्तर देना ही होगा कि वे लोग क्यों क्षेत्र में जनसंहार कर रहे हैं? यमनवासियों को मारने के लिए क्यों हथियार भेजे जा रहे हैं? क्यों उत्तरी अफ्रीका में षडयंत्र चलाया जा रहा है? 

उन्होंने कहा कि नवीन इस्लामी सभ्यता के लिए एकता बहुत ज़रूरी है।  ईरान के राष्ट्रपति का कहना था कि जिस प्रकार से इस्लामी राष्ट्रों ने वर्चस्ववाद का मुक़ाबला करके स्वावलंबन हासिल किया ठीक उसी प्रकार से वर्चस्ववादियों और आतंकवादियों का डटकर मुक़ाबला किया जाए।  राष्ट्रपति रूहानी ने एकता सप्ताह के अवसर पर सबको बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तेहरान में 31वां अन्तर्राष्ट्रीय एकता सम्मेलन का उद्घाटन किया गया।  इस अवसर पर राष्ट्रपति हसन रूहानी ने पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा (स) और उनके पौत्र इमाम सादिक़ अलैहिस्सलाम के शुभ जन्म दिवस के अवसर पर बधाई दी।