पैग़म्बरे इस्लाम के जन्मदिन पर ख़ुशियों में डूबा ईरान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i53437-पैग़म्बरे_इस्लाम_के_जन्मदिन_पर_ख़ुशियों_में_डूबा_ईरान
पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुसतफ़ा सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम और उनके पौत्र हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ अलैहिस्सलाम के शुभ जन्मदिवस पर पूरा ईरान हर्ष और श्रद्धा के वातावरण में डूब गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०६, २०१७ ०८:२६ Asia/Kolkata
  • पैग़म्बरे इस्लाम के जन्मदिन पर ख़ुशियों में डूबा ईरान

पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुसतफ़ा सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम और उनके पौत्र हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ अलैहिस्सलाम के शुभ जन्मदिवस पर पूरा ईरान हर्ष और श्रद्धा के वातावरण में डूब गया है।

हिजरी क़मरी कैलेंडर के रबीउल औवल महीने की 17 तारीख़ को पैग़म्बरे इस्लाम और उनके पौत्र हज़रत इमाम जाफ़र सादिक़ अलैहिस्सलाम का जन्म हुआ था। पैग़म्बरे इस्लाम के जन्मदिन के बारे में सुन्नी मुसलमानों का मत है कि 12 रबीउल को है।

ईरान में इमाम ख़ुमैनी की पहल पर 12 रबीउल औवल से 17 रबीउल औवल तक एकता सप्ताह मनाया जाता है।

पैग़म्बरे इस्लाम के शुभ जन्म दिवस के अवसर पर ईरान के सभी छोटे बड़े शहरों और गांवों में जश्न मनाया जा रहा है और लोग आपस में मिठाइयां बांट रहे हैं और एक दूसरे को इस शुभ दिवस की बधाइयां दे रहे हैं। ईरान की सभी सरकारी संस्थाओं में भी इसी उपलक्ष्य में मंगलवार को मिठाइयां बांटी गईं और टीवी चैनलों तथा पत्र पत्रिकाओं में इस्लाम की इन दोनों महान हस्तियों के व्यक्तित्व तथा उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला गया।

राजधानी तेहरान में मस्जिदों और इमामबारगाहों में जश्न मनाया जा रहा है। स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के रौज़े में कल रात एक जश्न रखा गया जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़ कर भाग  लिया।

पवित्र नगर मशहद, क़ुम इसी प्रकार शीराज़ में जहां पैग़म्बरे इस्लाम के महान वंशजों के रौज़े हैं बड़े पैमाने पर जश्न का आयोजन किया गया है।

तेहरान में इसी उपलक्ष्य में इस्लामी देशों के राजदूत तथा ईरान के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और आम लोग इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनई से मिलने जाते हैं और वरिष्ठ नेता भाषण देते हैं।