जेसीपीओए का उल्लंघन करके अमरीका अविश्वसनीय हो गया हैः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि जेसीपीओए सहित वैश्विक समझौतों का उल्लंघन करके अमरीका, पूरे विश्व में अविश्वसनीय हो गया है।
डाक्टर हसन रूहानी का कहना है कि ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करके अमरीका को ईरानी राष्ट्र से मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने रविवार को तेहरान में एक सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि अमरीका ने ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप और जेसीपीओए के प्रति अपने वचनों का उल्लंघन करते हुए विश्व जनमत में अपनी साख ख़राब की है। राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि वर्चस्ववाद, तानाशाही और अन्य हथकण्डें अपनाकर अमरीकी, ईरानियों के सामने पराजित हुए हैं जो ईरानी राष्ट्र के लिए बड़ी सफलता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परमाणु समझौते के माध्यम से ईरान ने जो सफलता अर्जित की है वह कभी भी नष्ट नहीं होगी और किसी में भी उसको समाप्त करने का साहस नहीं है। हसन रूहानी ने कहा कि सभी देशों ने संयुक्त राष्ट्रसंघ के प्रस्ताव में यह बात मानी है कि ईरान को शोध का अधिकार है।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने बल देकर कहा कि यह बात सिद्ध हो चुकी है कि ईरान, कभी भी परमाणु शस्त्रों के चक्कर में नहीं रहा है।
उन्होंने इसी प्रकार मध्यपूर्व के देशों में कुछ देशों की ओर से उत्पन्न किये जाने वाले संकट की ओर संकेत किया। हसन रूहानी ने कहा कि वे लोग जो मध्यपूर्व में हिंसा को हवा दे रहे हैं वे वास्तव में क्षेत्रीय मामलों की उचित जानकारी से वंचित हैंं।