दिल्ली पहुंचे रूहानी, शनिवार को होगी भारतीय अधिकारियों से भेंटवार्ता
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी एक उच्च स्तरीय राजनैतिक और आर्थिक प्रतिनिधि मंडल के साथ हैदराबाद का दो दिवसीय दौरा पूरा करने के बाद शुक्रवार की रात भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंच गये।
डाक्टर हसन रूहानी शनिवार को भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आधिकारिक स्वागत समारोह के बाद भारतीय अधिकारियों से महत्वपूर्ण क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी शनिवार को भारतीय अधिकारियों से आपसी रुचि के अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों और दोनों देशों में राजनैतिक व आर्थिक संबंधों के विस्तार के विषय पर वार्ता करेंगे।
इस मुलाक़ात के दौरान ईरानी और भारतीय अधिकारी व्यापार, वाणिज्य, चिकित्सा, पारंपरिक चिकित्सा, कृषि, पोस्ट, यातायात, अपराधियों के प्रत्यर्पण, वाणिज्य दूतावास तथा बच्चों और महिलाओं के विषय पर समझौतों और सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे।
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी भारतीय बुद्धिजीवियों और कूटनयिकों को भी संबोधित करेंगे। शनिवार को इसी प्रकार ईरान के आर्थिक मामलों के मंत्री की उपस्थिति में भारत और ईरान के व्यापारियों की बैठक आयोजित होगी जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापार के विस्तार के मार्गों की समीक्षा की जाएगी। (AK)