48 घण्टों के अंदर 20 प्रतिशत यूरेनियम संवर्धित करने में सक्षमः ईरान
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i58769-48_घण्टों_के_अंदर_20_प्रतिशत_यूरेनियम_संवर्धित_करने_में_सक्षमः_ईरान
बेहरूज़ कमालवंदी ने कहा है कि ईरान, 48 घण्टों से भी कम समय में 20 प्रतिशत यूरेनियम संवर्घन की क्षमता रखता है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar ०५, २०१८ ०८:०४ Asia/Kolkata
  • 48 घण्टों के अंदर 20 प्रतिशत यूरेनियम संवर्धित करने में सक्षमः ईरान

बेहरूज़ कमालवंदी ने कहा है कि ईरान, 48 घण्टों से भी कम समय में 20 प्रतिशत यूरेनियम संवर्घन की क्षमता रखता है।

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता ने कहा है कि जेसीपीओए से अमरीका के निकलने की स्थिति में तेहरान, 48 घण्टों के भीतर यूरेनियम का 20 प्रतिशत संवर्धन कर सकता है।  उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ट्रम्प के वाइट हाउस पहुंचने के बाद से जेसीपीओए कमज़ोर हुआ है कहा कि परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने की स्थिति में ईरान यूरेनियम संवर्धन, सेंट्रीफ्यूज़ की संख्या बढ़ाने और दूसरे अन्य मामलों में बहुत तेज़ी से कार्यवाही कर सकता है।  उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा पूरक प्रोटोकोल के आधार पर कटिबद्ध रहा है और आईएईए की नई रिपोर्ट में भी इसकी पुनः पुष्टि की गई है।

परमाणु ऊर्जा के प्रवक्ता कमालवंदी ने कहा कि परमाणु समझौते के संदर्भ में अमरीकी कार्यवाहियां, राजनीतिक दृष्टि से उसके अलग-थलग पड़ने का कारण हुई हैं।  उन्होंने कहा कि लगभग सभी यूरोपीय देश, अमरीकी राष्ट्रपति के जेसीपीओए विरोधी बयान की निंदा कर चुके हैं।

ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता ने ईरान की मिसाइल क्षमता के बारे में यूरोप की ओर से वार्ता के संबन्ध में कहा कि यूरोप, अमरीका के दबाव में एेसे मुद्दे उठाता रहता है जिसके बारे में ईरान ने बारंबार एलान किया है कि वह अपनी प्रतिरक्षा के बारे में किसी से भी वार्ता नहीं करेगा।

ज्ञात रहे कि जनवरी 2016 को परमाणु समझौता लागू हुआ था जिसपर ईरान तथा गुट पांच धन एक अर्थात ब्रिटेन, फ़्रांस, रूस, चीन, जर्मनी और अमरीका ने हस्ताक्षर किये थे।  अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प, जेसीपीओए या परमाणु समझौते को निरस्त करने के प्रयास में हैं जबकि विश्व समुदाय इसका विरोध करता है।