सीमावर्ती क्षेत्र सरावान में कार बम ध्वस्त और आतंकी हुए ढेर
ईरान के सीस्तानो बलोचिस्तान प्रांत में 2 आतंकी मारे गए।
ईरान के इस्लामी क्रान्ति संरक्षक बल सिपाहे पासदारान आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड ने देश के दक्षिण-पूर्वी सीस्तानो बलोचिस्तान प्रांत के सरावान इलाक़े में दो आतंकियों के मारे जाने और एक कार बम के ध्वस्त होने की सूचना दी है।
इरना के अनुसार, आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड ने एक विज्ञप्ति में बताया कि रविवार की शाम आतंकी सरावान इलाक़े में आईआरजीसी की एक चेकपोस्ट को निशाना बनाने और आत्मघाती हमले का इरादा रखते थे लेकिन ये हमला इस्लामी राष्ट्र के सपूतों की कोशिश से नाकाम हो गया।
इस विज्ञप्ति में आया है कि एक आतंकी जो सरावान की सीमावर्ती चेकपोस्ट के क़रीब होने में नाकाम हो गया था, उसने ख़ुद को धमाके से उड़ा कर ख़त्म कर लिया।
आतंकियों के हमले की कोशिश को नाकाम बनाने के दौरान सरावान के सीमावर्ती स्वंयसेवी बल के 2 जवान भी घायल हुए।
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ साल के दौरान ईरान के सीस्तानो बलोचिस्तान प्रांत के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान के भीतर से आतंकियों व किराए के टट्टुओं के हमले में, ईरानी सीमा सुरक्षा बल के कई जवान और राष्ट्र के समूत शहीद हो चुके हैं। (MAQ/N)