क्षेत्र के बारे में सऊदी अरब की हालिया कार्यवाहियां निंदनीयः लारीजानी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i60680-क्षेत्र_के_बारे_में_सऊदी_अरब_की_हालिया_कार्यवाहियां_निंदनीयः_लारीजानी
ईरान के संसद सभापति ने क्षेत्रीय मामलों के बारे में सऊदी अधिकारियों की हालिया कार्यवाहियों को निंदनीय बताया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०८, २०१८ ०७:०० Asia/Kolkata
  • क्षेत्र के बारे में सऊदी अरब की हालिया कार्यवाहियां निंदनीयः लारीजानी

ईरान के संसद सभापति ने क्षेत्रीय मामलों के बारे में सऊदी अधिकारियों की हालिया कार्यवाहियों को निंदनीय बताया है।

डाॅक्टर अली लारीजानी ने रविवार को संसद की खुली कार्यवाही में कहा कि सऊदी अधिकारियों की ओर से इस बात को खुल्लम खुल्ला स्वीकार करना कि उन्होंने अमरीका के आदेश और समर्थन से तकफ़ीरी आतंकी गुटों का गठन किया और हज़ारों लोगों का ख़ून बहाया है, क्षेत्र व संसार के सभी देशों के लिए एक चेतावनी है कि मानवताप्रेमी और धार्मिक बयानों की आड़ में पिछले वर्षों में कितने घृणित कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बड़े खेद की बात है कि सऊदी अधिकारी अपने देश की मुस्लिम जनता के स्रोतों का एक बड़ा भाग अमरीकी अधिकारियों को पेश कर रहे हैं और अमरीकी बड़ी ढिठाई से घोषणा कर रहे हैं कि अगर अमरीका फ़ार्स की खाड़ी के इन देशों की सरकार का समर्थन न करे तो वे दो हफ़्तों में गिर जाएंगी।

 

ईरान के संसद सभापति ने इसी तहर बहरैन में ब्रिटेन का सैन्य अड्डा खुलने के बारे में कहा कि ब्रिटिश सरकार ने बहरैन की जनता की मांगों पर ध्यान दिए बिना बहरैन के लोगों के पैसे से अपना सैन्य अड्डा बनाया है। लारीजानी ने हालिया दिनों में फ़िलिस्तीन में सामने आने वाली घटनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये घटनाएं अमरीका और सऊदी अरब जैसे कुछ देशों के कुप्रयासों का नतीजा हैं जो अपने विचार में फ़िलिस्तीनी जनता पर कड़ाई करके उसे पश्चिमी तट और ग़ज़्ज़ा के एक कोने में सीमित कर देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सऊदियों की ओर से ज़ायोनी शासन को औपचारिक रूप से स्वीकार करने की अपमानजनक घोषणा से पता चलता है कि सऊदी अरब अपने देश की जनता का पैसा अमरीका की सेवा में लगाना और इस घृणित व निंदनीय योजना में आगे-आगे रहना चाहता है। (HN)