ईरान ने इराक़ के साथ सहयोग जारी रखने की क़सम खायी
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i61388-ईरान_ने_इराक़_के_साथ_सहयोग_जारी_रखने_की_क़सम_खायी
रक्षा मंत्री ब्रिगेडयिर जनरल अमीर हातमी ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान आतंकवाद के पूरी तरह विनाश तक इराक़ के साथ सहयोग जारी रखेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १९, २०१८ ११:५७ Asia/Kolkata
  • ईरान ने इराक़ के साथ सहयोग जारी रखने की क़सम खायी

रक्षा मंत्री ब्रिगेडयिर जनरल अमीर हातमी ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान आतंकवाद के पूरी तरह विनाश तक इराक़ के साथ सहयोग जारी रखेगा।

उन्होंने बुधवार को बग़दाद में ईरान-इराक़ संयुक्त रक्षा सहयोग के उच्चायोग की पहली बैठक में यह बात कही।

अमीर हातमी ने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश ने क्षेत्र के राष्ट्रों और ख़ास तौर पर इराक़ को बहुत नुक़सान पहुंचाया। उन्होंने बल देकर कहा कि सभी देशों को आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई को अपने एजेंडे में सर्वोपरि रखना होगा वरना वे बहुत नुक़सान उठाएंगे।

ईरानी रक्षा मंत्री ने कहा, "इस्लामी गणतंत्र इस संकट और मुश्किल की घड़ी में इराक़ी राष्ट्र व सेना के साथ खड़ा रहा और हम आतंकवाद के विनाश तक उसके ख़िलाफ़ लड़ने का संकल्प रखते हैं।"

इस अवसर पर इराक़ी रक्षा मंत्री ने ईरान की ओर से उनके देश को समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि इराक़ में दाइश के आतंक के समय इस्लामी गणतंत्र ने पूरी निष्ठा से इराक़ी जनता, सरकार और सेना का साथ दिया जिसे कभी नहीं भूल सकते।

उन्होंने इसके साथ ही उम्मीद जतायी कि उनके देश में पुनर्निर्माण प्रक्रिया में ईरान भी भाग लेगा।

18 अप्रैल 2018 को ईरानी रक्षा मंत्री जनरल हातमी (बाएं से चौथे) इराक़ी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ जनरल उस्मान अलग़ानमी (दाएं से तीसरे) के साथ मुलाक़ात की तस्वीर

 

इससे पहले बुधवार को ही ईरान के रक्षा मंत्री ने इराक़ी सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ जनरल उस्मान अलग़ानमी से बग़दाद में मुलाक़ात की जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी हितों से संबंधित मुद्दों और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। (MAQ/N)