अमरीकी विदेशमंत्री को ईरान का जवाब
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए के बारे में अमरीकी विदेशमंत्री के विरोधाभासी बयान से पता चलता है कि वाशिंग्टन, परमाणु समझौते के बारे में अपने वचनों के संबंध में दोहरी नीति रखता है।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि पोम्पियो ने12 अप्रैल को पुष्टि की थी कि वह जेसीपीओए को रद्द करने के बारे में किसी चिंता की आवश्यकता नहीं है क्योंकि ईरान समझौते से पहले हथियारों की प्राप्ति के प्रयास में नहीं था और समझौते के बाद भी वह हथियारों की होड़ में वापस नहीं लौटेगा।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि अब अमरीकी विदेशमंत्री कह रहे हें कि इस बात की पुनर्समीक्षा का समय आ गया है कि क्या परमाणु पदार्थ के हर प्रकार के संवर्धन के बारे में ईरान पर विश्वास किया जा सकता है?
विदेशमंत्री ने बल दिया कि इन दो बयानों में से कौन सा सही है।
ज्ञात रहे कि अमरीका के नये विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने पश्चिमी एशिया के पहले दौरे के अंतर्गत सऊदी अरब के बाद अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन गये और उन्होंने ज़ायोनी प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में दावा किया था कि यदि जेसीपीओए के बारे में वाशिंग्टन की मांग पूरी नहीं हुई तो अमरीका इस समझौते से निकल जाएगा। (AK)