सऊदी अरब में ईरान से मुक़ाबले की हिम्मत नहीः जनरल सफ़वी
ईरान के सशस्त्र बलों के सुप्रीम कमांडर के वरिष्ठ सलाहकार जनरल रहीम सफ़वी ने कहा कि सऊदी अरब में ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी तरह का ख़तरा पैदा करने की हिम्मत नहीं है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार ईरान के सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के वरिष्ठ सलाहकार जनरल रहीम सफ़वी ने कहा है कि ईरान की राष्ट्रीय शक्ति के कारक सऊदी अरब की तुलना में कहीं अधिक सशक्त हैं। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में ईरान के ख़िलाफ़ कोई ग़लती करने की हिम्मत नहीं है।
उन्होंने तेहरान में सैन्य विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सऊदी अरब सैन्य शक्ति के आधार पर बेहतर होता तो वह यमन में जनता के प्रतिरोध के मुक़ाबले में सफल हो जाता है, जबकि वह पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से यमनी जनता के प्रतिरोध के सामने बेबस नज़र आ रहा है।
सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के वरिष्ठ सलाहकार ने कहा कि ईरान के ऊपर आठ वर्षीय थोपे गए युद्ध के दौरान हमने यह साबित कर दिया कि केवल सैन्य उपकरणों से ही सैन्य शक्ति को नहीं दर्शाया जा सकता है बल्कि पूरी दुनिया ने यह देखा कि तानाशाह सद्दाम का क्या हाल हुआ?
उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ तानाशाह सद्दाम द्वारा थोपे गए युद्ध और क्षेत्र में साम्राज्यवादी शक्तियों द्वारा थोपे गए अन्य युद्धों से ज़ायोनी शासन को प्राप्त होने वाले लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान पर थोपा गया आठ वर्षीय युद्ध, कुवैत के ख़िलाफ़ सद्दाम द्वारा किया गया हमला, यमन युद्धों और सीरिया संकट से क्षेत्र और विश्व के मुसलमानों की आर्थिक और मानव ऊर्जा ही बर्बाद हुई है।
जनरल सफ़वी ने कहा कि इन सभी युद्धों और सकंटों का एक ही परिणाम निकला है और वह यह है कि सबसे ज़्यादा लाभ ज़ायोनी शासन को ही हुआ है जिसने इन तमाम षड़यंत्रों से केवल अपनी सुरक्षा को अधिकतम स्थिर बनाने का नाकाम प्रयास किया है। (RZ)