अमरीका से मुक़ाबले की तैयारी पूरी हो गयीः सरकार
ईरान सरकार के प्रवक्ता मुहम्मद बाक़िर नौबख़्त ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने के बाद की स्थिति के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।
उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए परमाणु समझौते से संभावित रूप से अमरीका के निकलने की ओर संकेत किया और कहा कि परमाणु समझौते से अमरीका के निकलने के बाद बनने वाली संभावित स्थिति के लिए पूर्ण रूप से तैयारी हो चुकी है और इस संबंध में आवश्यक युक्ति और आवश्यक बजट पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया है।
उन्होंने ज़ायोनी प्रधानमंत्री के ईरान विरोधी ड्रामे की ओर भी संकेत किया और कहा कि इस्राईल, ईरान और परमाणु समझौते के विरुद्ध हमेशा ही नकारात्मक प्रोपेगैंडा करता रहा है।
श्री नौबख़्त ने कहा कि आईएईए ही एक मात्र ऐसी संस्था है जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में बयान देने का हक़ रखता है और इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था ने हमेशा बल दिया है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार के उल्लंघन को नहीं देखा गया है। (AK)