दुनिया ने अमरीका को मज़ा चखा दियाः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आने वाली प्रतिक्रिया ने परमाणु समझौते से अमरीका के एकपक्षीय रूप से निकलने के फ़ैसले को विफल सिद्ध कर दिया है।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने बुधवार को अपने एक बयान में कहा कि परमाणु समझौते से निकलने के संबंध में अमरीकी राष्ट्रपति के अतार्किक, मूर्खतापूर्ण और अंतर्राष्ट्रीय सिद्धांतों के विरुद्ध फ़ैसले पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया ने अमरीका को पहले से कहीं अधिक अविश्वसनीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग थलग कर दिया है जबकि इस फ़ैसले से अमरीकी जनता को भी अपरिहार्य नुक़सान पहुंचा है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरान के विरुद्ध अमरीकी वित्तमंत्रालय के नये प्रतिबंधों की घोषणा के बाद अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ईरान के विरुद्ध नये अमरीकी प्रतिबंध विशेषकर ईरान के सेन्ट्रल बैंक के प्रमुख का नाम प्रतिबंधों की सूची में शामिल करना और वह भी एक एेसे समय कि जब ईरान और यूरोप के बीच परमाणु समझौते को बाक़ी रखने के बारे में वार्ता का क्रम जारी है, इस बात को भलिभांति दर्शाता है कि वाशिंग्टन एक पक्षीय रूप से परमाणु समझौते से निकलकर ईरान के विरुद्ध अपने पहले से तय लक्ष्यों को प्राप्त नहीं कर सका है।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमरीकी सरकार परमाणु समझौते से निकलने की अपनी विफलता और उसके विध्वंसक प्रभाव के बाद प्रयास कर रही है कि अपने विध्वंसक और अनुचित रवैये द्वारा परमाणु समझौते में बाक़ी रहने वाले दूसरे सदस्यों के इरादों और फ़ैसलों पर प्रभावित हो।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने शक्ति के प्रयोग के लिए विभिन्न हथकंडे और नीतियां अपनाने के बारे में अमरीकी सरकार की कार्यवाहियों और अन्य देशों को धमकियां देने के वाशिंग्टन के रवैये की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यवाही से ईरानी जनता के इस दृष्टिकोण की सच्चाई एक बार फिर पहले से अधक सिद्ध हो गयी है कि अमरीका अविश्वसनीय है और इस पर भरोसा नहीं किया जा सकता ।
ज्ञात रहे कि अमरीकी वित्तमंत्रालय ने ईरान के विरुद्ध अपनी ताज़ा कार्यवाहियों में ईरान के सेन्ट्रल बैंक के प्रमुख वलीयुल्लाह सैफ़ सहित एक संस्था और चार व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। (AK)