अमरीका पूरी दुनिया के लिए फैसले नहीं कर सकता, राष्ट्रपति
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने ईरान के खिलाफ अमरीकी विदेशमंत्री के बयान का उत्तर देते हुए कहा कि अमरीका , ईरान और पूरी दुनिया के लिए फैसले नहीं कर सकता।
डॅाक्टर हसन रूहानी ने सोमवार की शाम अपने बयान में कहा कि दुनिया के सभी देश, स्वाधीनता के साथ फैसला करना चाहते हैं और शायद अमरीकी, दबाव डाल कर कुछ इलाक़ों में अपनी मर्ज़ी चला लें लेकिन यह बड़ी तर्कहीन बात है कि वह दुनिया के सभी देशों के लिए फैसले करना चाहें
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने अमरीकी विदेशमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि कई बरसों तक जासूसी के केन्द्र में काम करने वाला एक व्यक्ति अगर अमरीका का विदेशमंत्री बन कर ईरान और अन्य देशों के लिए फैसले करना चाहे तो यह स्वीकारीय नहीं है।
राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीकी विदेशमंत्री का बयान उसी प्रकार का है जैसा कि बरसों पहले से अमरीकी अधिकारी देते आए हैं और ईरानी जनता ने उन पर ध्यान नहीं दिया और आज भी इस प्रकार के बयानों पर ध्यान दिये बिना ईरानी जनता अपनी राह पर आगे बढ़ती रहेगी।
अमरीका के विदेशमंत्री माइक पोम्पिओ ने सोमवार को अपने एक बयान में ईरान विरोधी बातों को दोहराते हुए जेसीपीओए समझौते को गलत बताया और परमाणु कार्यक्रम में ईरान पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अमरीका अब जेसीपीओए से निकल चुका है और अपने घटकों के सहयोग से ईरान को मध्य पूर्व पर वर्चस्व जमाने से रोकेगा।
अमरीकी विदेशमंत्री ने इसी प्रकार ईरान में हालिया हंगामों का समर्थन करते हुए कहा कि अमरीका इस प्रकार की घटनाओं का समर्थन जारी रखेगा। अमरीकी विदेशमंत्री ने कहा कि वित्तमंत्रालय ईरान के विरुद्ध सभी परमाणु प्रतिबंध फिर से लागू करेगा और नये प्रतिबंध भी लगाएगा। (Q.A.)