आतंकवादियों के ख़िलाफ़ ईरान व रूस का सहयोग जारी रहेगाः रूहानी
ईरान के राष्ट्रपति ने अपने रूसी समकक्ष से मुलाक़ात में क्षेत्र की सुरक्षा व सहयोग में विस्तार के क्षेत्र में तेहरान व मास्को के संबंधों को अहम बताते हुए कहा है कि दाइश व अन्य आतंकी गुटों के ख़िलाफ़ दोनों देशों का सहयोग जारी रहेगा।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने चीन में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के अवसर पर रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के संबंधों में विस्तार आ रहा है, कहा कि दोनों देश ऊर्जा, प्रतिरक्षा, और ट्रांज़िट के क्षेत्रों में अपार क्षमताएं रखते हैं और तेहरान रूस की कंपनियों के पूंजी निवेश का स्वागत करता है। राष्ट्रपति रूहानी ने इसी तरह परमाणु समझौते के संबंध में रूस की अहम भूमिका की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि ईरान ने परमाणु समझौते के अंतर्गत अपने सभी वादों को पूरा किया है और इस समझौते से अमरीका के निकल जाने के बाद इसे मज़बूत बनाने में माॅस्को की भूमिका काफ़ी अहम है।
इस मुलाक़ात में रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन ने कहा कि ऊर्जा, प्रतिरक्षा, और अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में माॅस्को, तेहरान के साथ अपना सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने इसी तरह परमाणु समझौते से अमरीका के एकपक्षीय रूप से बाहर निकलने को ग़ैर क़ानूनी बताते हुए कहा कि माॅस्को, जेसीपीओए के समर्थन के लिए अन्य पक्षों के साथ अपनी वार्ता जारी रखेगा। रूस के राष्ट्रपति ने क्षेत्र की स्थिरत को मज़बूत बनाने के लिए ईरान के साथ रूस के सहयोग व समरसता पर बल देते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय सहयोग सीरिया संकट समेत सभी क्षेत्रीय मामलों में जारी रहेगा। (HN)