ईरान फिलिस्तीनियों का समर्थन जारी रखेगा
अंतरराष्ट्रीय मामलों में ईरान के संसद सभापति के विशेष सलाहकार ने कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, फिलिस्तीन का समर्थन जारी रखेगा।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने तेहरान में फिलिस्तीन के राजदूत , सलाह अज़्ज़वावी से भेंट में कहा कि ईरान फिलिस्तीन के मामले में पीछे हटने वाला नहीं है।
इस भेंट में फिलिस्तीन के राजदूत , सलाह अज़्ज़वावी ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि फिलिस्तीनी मुद्दे को इस्लामी राष्ट्र का सर्वोपरि मुद्दा होना चाहिए कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, अंतरराष्ट्रीय ज़ायोनिज़्म की योजनाओं को व्यवहारिक बनाने वाले हैं।
उन्होंने अमरीकी योजना, द डील आॅफ सेन्चुरी का उल्लेख करते हुए कहा कि फिलिस्तीन की जनता और नेता , इस योजना के विरोधी हैं।
फिलिस्तीन के राजदूत , सलाह अज़्ज़वावी ने कहा कि ट्रम्प द्वारा, बैतुलमुक़द्दस को इस्राईल की राजधानी स्वीकार किया जाना, इस नगर के इतिहास से उनकी अनभिज्ञता का परिणाम है।
द डील आॅफ सेन्चुरी अमरीकी सरकार की एक नयी योजना है जिसका उद्देश्य फिलिस्तीनियों के अधिकारों का हनन है और बताया जाता है कि यह अमरीकी योजना कुछ अरब देशों की सहमति से तैयार की गयी है।
अमरीका की द डील आॅफ सेन्चुरी के अनुसार बैतुलमुक़द्दस ज़ायोनी शासन को दे दिया जाएगा, अन्य देशों में रह रहे फिलिस्तीनी शरणार्थियों को स्वदेश वापसी का अधिकार नहीं होगा और फिलिस्तीन, पश्चिमी तट और गज़्ज़ा पट्टी की बची हुई भूमियों तक सिमट जाएगा। (Q.A.)