दुश्मनों को मुंह की खानी पड़ेगीः ब्रिगेडियर जनरल जज़ाएरी
ईरान के वरिष्ठ सैन्य कमांडर ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ाएरी ने कहा है कि अमेरिकी सहित ईरान के सभी दुश्मनों को इस्लामी क्रांति के मुक़ाबले में मुंह की खानी पड़ेगी।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इस्लामी गणतंत्र ईरान के चीफ़ आफ़ जनरल स्टाफ़ के सीनियर सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल मसऊद जज़ाएरी ने अमेरिकी राजनीतिज्ञों और मीडिया द्वारा लगातार ईरान के विरुद्ध दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अमेरिका, ईरान की इस्लामी क्रांति का दुश्मन है और उसकी सफलताओं से बौखलाया हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ईरान की बढ़ती रक्षा शक्ति और स्ट्रेटेजिक हैसियत भी अमेरिकी अधिकारियों को परेशान कर रही है। जनरल जज़ाएरी ने कहा कि वॉशिंग्टन, इसलिए तेहरान का विरोधी है क्योंकि ईरान की इस्लामी क्रांति, साम्राज्यवादी शक्तियों के वर्चस्व को स्वीकार न करने का संदेश देती है।
ईरान की सशस्त्र सेना के वरिष्ठ कमांडर का कहना था कि, अमेरिका इस्लामी क्रांति के आरंभ से ईरान को क्षति पहुंचाने का सपना देखता आया है और लगातार इसी प्रयास में है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि व्हाइट हाउस में बनने वाली सभी नीतियां ईरान विरोधी होती हैं। जनरल जज़ाएरी ने कहा कि इस्लामी क्रांति के आरंभ से अब तक वॉशिंग्टन की ईरान विरोधी नीतियों में कोई बदलाव नहीं आया है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने 8 मई को ईरान के साथ हुए शांतिपूर्ण परमाणु समझौते से ख़ुद को अलग कर लिया था और ईरान के तेल आयात को शून्य तक पहुंचाने की धमकी दी थी। इसी संबंध में अमेरिका, दुनिया भर के देशों को भी धमका रहा है कि वे ईरान से तेल के आयात को बंद कर दें। याद रहे कि दुनिया के अधिकतर देशों ने अमेरिका की धमकी को अनदेखा करते हुए ईरान से अपने संबंधों को बरक़रार रखने की घोषणा की है और कहा है कि हम अपने हितों के अनुसार फ़ैसला लेंगे न की अमेरिकी नीतियों के मुताबिक़। (RZ)