डरा धमका कर राष्ट्रों के इरादे बदले नहीं जा सकतेः ईरान
इस्लामी गणतंत्र ईरान का कहना है कि राष्ट्रों के संकल्प और इरादे को धौंस और धमकी तथा शक्ति के प्रयोग से परिवर्तित नहीं किया जा सकता।
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी ने तुर्की के विरुद्ध अमरीका के प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ईरान हमेशा और हर चरण में तुर्की की जनता और सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान और तुर्की के संबंध हमेशा से मैत्रीपूर्ण रहे हैं और आज भी अतीत की भांति अच्छे तरीक़े से आगे बढ़ रहे हैं और दोनों देश वर्तमान स्थिति में भी एक दूसरे के अच्छे भागीदार बन सकते हैं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने यह आशा व्यक्त की है कि बुद्धिमत्ता का एक बार फिर दुनिया में प्रचलन होगा। ज्ञात रहे कि अमरीकी वित्तमंत्रालय ने हाल ही में तुर्की के क़ानूनी मंत्री अब्दुल हमीद गुल और गृहमंत्री सुलैमान सुवैलू पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
अमरीकी सरकार ने यह कहकर कि तुर्की के इन दोनों मंत्रियों की संपत्तियां ज़ब्त करने और उन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की गयी है कि उन्होंने अमरीकी पादरी एंड्रूय ब्रोन्सन की गिरफ़्तारी में मुख्य भूमिका अदा की है। (AK)