रक्षामंत्री का हलब का महत्वपूर्ण दौरा, प्रतिरोधकर्ताओं को सराहा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के रक्षामंत्री ने सीरिया के उत्तरी शहर हलब और आसपास के क्षेत्रों का दौरा करके हलब से आतंकियों का सफ़ाया किए जाने के उद्देश्य से अंजाम पाने वाली कार्यवाही का निकट से जायज़ा लिया। इसी मध्य सीरिया ने घोषणा की है कि जिन देशों ने आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध में सीरिया का साथ दिया है, पुनर्निमाण के चरण में भी उन्हीं को प्राथमिकता दी जाएगी।
रक्षामंत्री ब्रिगेडियर जनरल अमीर हातेमी ने हलब के दौरे के दौरान प्रतिरोध मोर्चे के कमान्डरों से भी बातचीत की और हलब शहर की सुरक्षा की ताज़ा स्थिति और शांति व स्थिरता की स्थापना के काम का जाएज़ा लिया।
ईरान के रक्षामंत्री ने तकफ़ीरी आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध में प्रतिरोधक मोर्चे के जवानों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की है कि सीरिया की जनता, सरकार और सेना के प्रयासों से इस देश में शांति व स्थिरता जल्द स्थापित हो जाएगी।
इसी मध्य सीरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा संस्था के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि जन देशों ने आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध में सीरिया का साथ दिया है, पुनर्निमाण के चरण में भी उन्हीं को प्राथमिकता दी जाएगी।
अली ममलूक ने कहा कि सीरिया की सरकार उन देशों की कंपनियों को जिन्होंने आतंकवादियों का समर्थन करके सीरिया की जनता के विरुद्ध षड्यंत्र किए हैं, देश के पुनर्निमाण की प्रक्रिया में कोई रियाअत नहीं देगी। (AK)