ईरान, अमरीका के प्रतिबंधों को विफल बनाने की कोशिश जारी रखेगाः ज़रीफ़
विदेश मंत्री ने कहा है कि तेहरान, अमरीका के ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों को विफल बनाने की कोशिश जारी रखेगा।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने गुरुवार को एक ट्वीट करके अमरीका के रवैये की आलोचना की है और कहा है कि बड़े खेद की बात है कि अमरीकी सरकार अपने विध्वंसक एकपक्षवाद के माध्यम से एक बहुपक्षीय संगठन को बहुपक्षवाद पर हमले के लिए इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा है कि अमरीका की हैसियत इतनी गिर चुकी है कि वह सुरक्षा परिषद में ईरान का सामना करने के बजाए बंद दरवाज़ों के पीछे छिप रहा है। बुधवार को सुरक्षा परिषद की एक बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने की और इसमें उन्होंने ईरान पर निराधार आरोप लगाए।
विदेश मंत्री ज़रीफ़ ने अपने एक और ट्वीट में कहा है कि अमरीकी सरकार को अस्थिरता के संबंध में अपनी कटिबद्धता पर पर्दा डालने के लिए कम महत्व वाली समस्याओं की ज़रूरत है क्योंकि सभी अमरीका के भीतर व बाहर उसके समस्या पैदा करने वाले व्यवहार को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। (HN)