ईरानी राष्ट्रपति ने इराक़ के नवनियुक्त प्रधानमंत्री को दी बधाई
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने इराक़ के प्रधानमंत्री बनने पर आदिल अब्दुल मेहदी को बधाई दी है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने इराक़ के नए प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी को भेजे अपने बधाई संदेश में यह आशा जताई है कि दोनों देशों के घनिष्ठ सहयोग को आपके नेतृत्व में और अधिक बढ़ावा मिलेगा। इराक़ के नवनियुक्त प्रधानमंत्री ने भी ईरान के राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि बग़दाद सरकार, तेहरान के साथ द्विपक्षीय संबंधों को विस्तृत करने और उसे अधिक मज़बूत करने की दिशा में काम करेगी।
राष्ट्रपति रूहानी ने इराक़ के नवनियुक्त प्रधानमंत्री के नाम अपने संदेश कहा कि, इस्लामी गणतंत्र ईरान हमेशा की तरह विशेषकर नए दौर में इराक़ के साथ सभी क्षेत्रों में संबंधों को विस्तृत करने के लिए तैयार है। राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि आदिल अब्दुल मेहदी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में, ईरान और इराक़ जिनके मध्य मज़बूत आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक समानताएं हैं, सहयोग में नया अध्याय शुरू होगा।
इस बीच इराक़ के नए राष्ट्रपति बरहम सालेह ने पिछले दिनों इराक़ में तैनात ईरान के राजदूत से मुलाक़ात में ईरान के साथ द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर बल दिया था। इराक़ी राष्ट्रपति ने ईरान और इराक़ के बीच प्राचीन संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि हम ईरान के साथ आपसी संबंधों को और अधिक मज़बूत बनाने के इच्छुक हैं। (RZ)