सहयोग विस्तार के लिए ईरान और तुर्की विश्वसनीय सहयोगी
ईरान के गृहमंत्री अब्दुर्रज़ा रहमानी फ़ज़ली ने अंकारा दौरे के दौरान अपने तुर्क समकक्ष से मुलाक़ात की और सुरक्षा सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
गृहमंत्री ने गुरुवार को अपने तुर्क समकक्ष सुलैमान सुवैलू से मुलाक़ात में सीमा सुरक्षा, मादक पदार्थों की तस्करी, वस्तुओं तथा मनुष्यों की तस्करी और आतंकवाद से संघर्ष के संबंध में दोनों देशों के बीच निकट सहयोग की ओर संकेत करते हुए कहा कि आर्थिक, व्यापारिक तथा पर्यटन के क्षेत्र में दोनों देशों के संबंधों को और अधिक मज़बूत होना चाहिए। इस मुलाक़ात में तुर्क गृहमंत्री ने आतंकवाद, मादक पदार्थों की तस्करी, ग़ैर क़ानूनी पलायनकर्ताओं, वस्तुओं की तस्करी से संघर्ष तथा सीमा सुरक्षा के संबंध में दोनों देशों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
ईरान और तुर्की की संयुक्त सीमाएं हैं जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग विस्तार में काफ़ी मदद मिलती है और दोनों देशों के बीच संबंधों के महत्व का, दोनों देशों के राष्ट्रपतियों की मुलाक़ात में पता चलता है।
ईरान और तुर्की के राष्ट्रपतियों के बीच अब तक सात बार मुलाक़ातें हो चुकी हैं और इससे पता चलता है कि दोनों देशों के बीच संंबंधों में विस्तार में काफ़ी रुचि पायी जाती है। आर्थिक और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेहरान और अंकारा के बीच अच्छा सहयोग पाया जाता है। विदेशी खिलाड़ियों से हटकर ईरान और तुर्की अपने द्विपक्षीय सहयोग को विस्तृत कर रहे हैं और यही कारण है कि तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुले शब्दों में घोषणा कर दी है कि वह ईरान के विरुद्ध अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों में साथ नहीं देंगे। (AK)