जेसीपीओए को बाक़ी रखने के लिए योरोप की कोशिश तेज़
ईरान की ओर से परमाणु समझौते जेसीपीओए का पालन किए जाने की कई बार पुष्टि होने के साथ ही योरोप ने इस समझौते को बचाने और तेहरान के साथ व्यापारिक व आर्थिक संबंध बनाए रखने के लिए कोशिश तेज़ कर दी है।
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए के महानिदेशक यूकिया अमानो ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 73वें अधिवेशन में एक बार फिर ईरान की ओर से परमाणु समझौते जेसीपीओए का पालन किए जाने की पुष्टि करते हुए बल दिया कि ईरान इस समझौते के तहत अपनी परमाणु प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहा है। इस बीच योरोपीय संघ की प्रवक्ता माया कोत्सियान्चिच ने इस बात की सूचना दी कि योरोपीय संघ ईरान के साथ वित्तीय प्रणाली बनाने की कोशिश कर रहा है।
जबसे वॉशिंग्टन जेसीपीओए से निकला है और अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प इस देश के हितों के परिप्रेक्ष्य में एकपक्षवादी नीति को लागू करने पर बल दे रहे हैं, योरोपीय संघ बहुपक्षवादी नीतियों और योरोप की स्वाधीनता की रक्षा पर बल दे रहा और परमाणु समझौते को बचाए रखने के उपाय अपनाने तथा ईरान के साथ व्यापारिक व राजनैतिक संबंध जारी रखने की कोशिश में है।
योरोपीय अधिकारी, ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी कार्यवाहियों व पाबंदियों को फिर से लगाने के क़दम को सही नहीं समझते। इसी तरह योरोपीय अधिकारी ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका की पाबंदियों को, व्यापार व अंतर्राष्ट्रय मामलों में वॉशिंग्टन के अपनी स्थिति का दुरुपयोग करने और उसकी धौंस धमकी का प्रतीक मानते हैं।
योरोपीय परिषद के प्रमुख डॉनल्ड टस्क ने इस बात पर बल देते हुए कि वॉशिंग्टन अंतर्राष्ट्रीय संगठनों व स्वाधीनता के स्वामी देशों पर अपने राजनैतिक फ़ैसले नहीं थोप सकता, कहा है कि योरोप दूसरों के साथ जेसीपीओए को बचाए रखेगा।
ऐसा लगता है कि वॉशिंग्टन की ओर से उल्लंघन व धमकियों के बावजूद, पाबंदियों का न सिर्फ़ यह कि ईरान पर असर नहीं पड़ा, बल्कि योरोपीय भागीदारों में जेसीपीओए को बचाए रखने का संकल्प मज़बूत हुआ है। जेसीपीओए के प्रति योरोपीय संघ का समर्थन और इसे बचाए रखने के लिए उसकी ओर से दुगुनी कोशिश, परमाणु समझौते की वैधता और एक ज़िम्मेदार व विश्वस्त भागीदार के रूप में ईरान की प्रतिबद्धता की पुष्टि है। (MAQ/T)