ईरानी नौसेना कमान्डर भारत में, अनेक देशों के सैन्य कमान्डरों से बातचीत
ईरानी नौसेना के कमान्डर रियर एडमिरल हुसैन ख़ानज़ादी ने नई दिल्ली में दुनिया के विभिन्न देशों के नौसैन्य कमान्डरों से मुलाक़ात में समुद्री सुरक्षा के मामले पर विचार विमर्श किया।
रियर एडमिरल ख़ानज़ादी, इन दिनों हिन्द महासागर के तटवर्ती देशों की नौसेना के संगठन आईओएनएस के गठन की दसवीं वर्षगांठ में भाग लेने के लिए भारत के दौरे पर हैं।
ईरान की नौसेना के कमान्डर और इन्डियन ओशन नेवल सम्पोज़ियम के वर्तमान चेयरमैन रियर एडमिरल ख़ानज़ादी ने जापान, भारत, मलेशिया, चीन, इटली, सिंगापुर और रूस के वरिष्ठ नौ सैन्य कमान्डरों के साथ मुलाक़ात में परस्पर सहयोग में विस्तार और समुद्री सुरक्षा के बारे में विचार विमर्श किया। ईरान की नौसेना के कमान्डर इस संगठन के वर्तमान चेयरमैन देश के रूप में इस बैठक में भाग ले रहे हैं।
हिन्द महासागर विश्व का एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र है और इसी कारण उसकी सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण विषय है। आईओएनएस के 23 स्थाई सदस्य हैं जबकि 9 पर्यवेक्षक देश हैं।
ईरान की नौसेना इस बैठक की अध्यक्षता वर्ष 2016 से दो वर्षों के लिए कर रही है। इस बैठक के आयोजन का लक्ष्य हिंद महासागर के तटवर्ती देशों के मध्य सहकारिता में वृद्धि और समस्त चुनौतियों विशेषकर समुद्री चुनौतियों से मुकाबले के संदर्भ में संभावनाओं का प्रयोग है।
इस समय विश्व का लगभग 90 प्रतिशत व्यापार समुद्री मार्गों से होता है और उसमें लगभग एक तिहाई व्यापार हिंद महासागर से होता है। (AK)