तेहरान-बग़दाद के संबंध रणनैतिक हैंः ईरान
अंतर्राष्ट्रीय मामले में संसद सभापति के विशेष सलाहकार हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान का कहना है कि तेहरान और बग़दाद के संबंध मज़बूत और रणनैतिक हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय मामले में संसद सभापति के विशेष सलाहकार हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने तेहरान में इराक़ के पूर्व गृहमंत्री और संसद की विदेश नीति आयोग के सदस्य मुहम्मद अलग़ेबान से मुलाक़ात में इराक़ में नयी संसद और सरकार के काम शुरु होने पर बधाई दी और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में विस्तार तथा संबंधों को मज़बूत किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री अमीर अब्दुल्लाहियान ने इसी प्रकार सीरिया से अमरीकी सैनिकों के इराक़ स्थानांतरण की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान, इराक़ की सुरक्षा को अपनी सुरक्षा और अमरीका की हस्तक्षेपूर्ण नीतियों को क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के विरुद्ध समझता है।
उन्होंने कहा कि इराक़ की जनता और इराक़ी नेताओं ने आतंकवाद से संघर्ष तथा अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी शक्ति से काम लिया।
इस मुलाक़ात में इराक़ के पूर्व गृहमंत्री और संसद की विदेश नीति आयोग के सदस्य मुहम्मद अलग़ेबान ने तेहरान- बग़दाद के मज़बूत और मैत्रीपूर्ण संबंधों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ईरान द्वारा इराक़ के समर्थन की सराहना की और कहा कि इराक़ की सरकार और संसद ने हमेशा क्षेत्र और देश में शांति व स्थिरता की स्थापना और विकास के लिए क़दम बढ़ाया है। (AK)