ईरान की नज़र में क्षेत्र की सुरक्षा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने जो इराक़ के दौरे पर थे, बग़दाद में ईरान- इराक़ आर्थिक सम्मेलन में भाषण देते हुए कहा कि शांत व शक्तिशाली क्षेत्र यह है कि एक देश, अपने पड़ोसी देश की प्रगति और विकास को अपनी प्रगति और विकास समझता है।
विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ईरान की नज़र में एक शांत क्षेत्र की विशेषता का वर्णन करते हुए कहा कि इस शांत क्षेत्र में, युद्ध के स्थान पर वार्ता, हथियारों की प्रतिस्पर्धा के बजाए सहयोग और विदेशियों पर विश्वास के बजाए मैत्रीपूर्ण संबंध होंगे।
श्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान इन लक्ष्यों को व्यवहारिक बनाने के लिए क्षेत्रीय देशों के साथ सहयोग के विस्तार का स्वागत करता है और तेहरान, बग़दाद के साथ सहयोग और संबंधों में विस्तार के लिए किसी भी प्रकार की सीमा को नहीं मानता।
विदेशमंत्री का यह बयान क्षेत्रीय सहयोग में ईरान के बर्ताव को दर्शाता है। अनुभव इस बात को दर्शाता है कि पश्चिम एशिया पर हमेशा से ही विदेशियों की लोभी दृष्टि रही है और उन्होंने अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए क्षेत्र को संकट, युद्ध और मतभेद की भेंट चढ़ा दिया है।
क्षेत्र में संकट पैदा करने वाले एक खिलाड़ी के रूप में अमरीका, क्षेत्रीय सुरक्षा की पूर्ती के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच सहयोग में सबसे बड़ी रुकावट पैदा करता है और निराधार दावों से क्षेत्रीय देशों के बीच ईरानोफ़ोबिया की लहर पैदा करने का प्रयास करता रहता है।
इस बात में कोई संदेह नहीं है कि क्षेत्रीय सुरक्षा का सबंध, क्षेत्रीय देशों से है और किसी दूसरे को इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। विदेशमंत्री के अनुसार क्षेत्र में सात ट्रिलियन डाॅलर का ख़र्चा, क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए नहीं था बल्कि अपने एकपक्षीय हितों की पूर्ती के लिए था। (AK)