ईरान, क्षेत्र में शांति व स्थिरता में मदद कर रहा हैः ज़रीफ़
विदेश मंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि पश्चिमी एशिया का क्षेत्र, बाहरी हस्तक्षेप के कारण अशांति व चरमपंथ से भर गया है, कहा कि एक स्थिर देश के रूप में ईरान इस क्षेत्र में शांति व स्थायित्व में मदद कर रहा है।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने इस्लामी क्रांति की सफलता की चालीसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बुधवार को राष्ट्रपति रूहानी से विदेशों में तैनात ईरान के कूटनयिकों की मुलाक़ात के अवसर पर कहा कि आतंकवाद से इराक़ व सीरिया की जनता के संघर्ष, विदेशी अतिक्रमण से यमनी जनता के संघर्ष और ज़ायोनी शासन के षड्यंत्रों के मुक़ाबले में फ़िलिस्तीनी जनता के संघर्ष में ईरान हमेशा सही दिशा में खड़ा रहा है।
विदेश मंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि हर तहर के दबाव और प्रतिबंध के बावजूद ईरानी जनता चालीस साल से गौरव व गंभीरता से स्वाधीनता व विकास के मार्ग पर अग्रसर है और इसी गंभीरता से इस मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी, कहा कि ईरान की शांति, सुरक्षा, ज्ञान व प्रगति, स्वदेशी है। उन्होंने इसी तरह मित्र देशों के साथ संबंध विस्तार पर भी बल दिया। (HN)