इराक़ से सहयोग में विस्तार के लिए तैयार हैंः रूहानी
राष्ट्रपति रूहानी ने इस बात पर बल देते हुए कि ईरान के वरिष्ठ नेता, सरकार और संसद का संकल्प, इराक़ के साथ निकट व भाइयों समान सहयोग का है, कहा है कि ईरान व इराक़ की सुरक्षा व स्थिरता एक दूसरे से जुड़ी हुई है।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार की रात इराक़ के संसद सभापति मुहम्मद अलहलबूसी से मुलाक़ात में क्षेत्र में स्थिरता के लिए दोनों देशों के आपसी सहयोग, आतंकवाद से संघर्ष और इसी तरह संबंधों के व्यापक विस्तार पर बल दिया। ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान में इराक़ी अधिकारियों की उपस्थिति विशेष कर दोनों देशों की संसदों के निकट संबंध, दोनों राष्ट्रों के संबंध विस्तार के लिए लाभदायक हैं। उन्होंने इस बात पर बल देते हुए कि तेहरान सभी क्षेत्रों में बग़दाद से सहयोग के लिए तैयार है, कहा कि ईरान व इराक़ के एेतिहासिक संबंध और दोनों देशों के लोगों की बड़ी संख्या में एक दूसरे देश की यात्राएं, दोनों राष्ट्रों के सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी प्रेम को दर्शाती हैं।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने इसी तरह संसार के अत्यंत ख़तरनाक आतंकी गुट के रूप में दाइश या आईएसआईएस पर इराक़ी राष्ट्र की विजय और इसी तरह इराक़ में संसदीय चुनाव के सफल आयोजन और संसद व सरकार के गठन पर बधाई देते हुए कहा कि ईरान, आर्थिक मामलों में मूल ढांचों के संबंध में दोनों देशों के आपसी सहयोग में पहले से अधिक विस्तार के लिए तैयार है।
इस मुलाक़ात में राक़ के संसद सभापति मुहम्मद अलहलबूसी ने भी ईरान के साथ सहयोग में विस्तार को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि उनका देश इस्लामी गणतंत्र ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी प्रकार के प्रतिबंध व घेराव का विरोधी है। उन्होंने इराक़ में आतंकी गुटों से संघर्ष में इस्लामी गणतंत्र ईरान की मदद व समर्थन की सराहना की और कहा कि ईरान व इराक़ के आपसी सहयोग में विस्तार से क्षेत्रीय स्थिरता में भी मदद मिलेगी। (HN)