ईरान के राष्ट्रपति का इराक़ दौरा, कई महत्वपूर्ण समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी 11 मार्च से 3 दिवसीय इराक़ दौरे पर रवाना होंगे।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, इराक़ के प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी 11 मार्च से 3 दिवसीय इराक़ दौरे पर रवाना हो रहे हैं। उनके इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। अपने इराक़ दौरे में राष्ट्रपति हसन रूहानी इराक़ी प्रधानमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ात और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करने के अलावा इराक़ के वरिष्ठ शिया धर्मगुरू आयतुल्लाह सीसतानी से भी मुलाक़ात करेंगे। डॉक्टर रूहानी इराक़ में स्थिति पवित्र नगर नजफ़ अशरफ़ और करबला जाकर वहां मौजूद पवित्र स्थलों की ज़ियारत भी करेंगे।
इस बीच राष्ट्रपति रूहानी के इराक़ दौरे से पहले विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ शनिवार को ही इराक़ पहुंच गए हैं। जवाद ज़रीफ़ ने बग़दाद में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ईरानी राष्ट्रपति का इराक़ दौरा दोनों देशों के लिए एक सुनेहरा अवसर है। उन्होंने कहा को इस दौरे में दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति रूहानी के बग़दाद दौरे पर पूरी दुनिया की नज़र है। उन्होंने कहा कि अमेरिका सहित क्षेत्र के कुछ देश हैं जो नहीं चाहते कि ईरान और इराक़ के बीच संबंध अच्छे रहें इसलिए वे लगातार इस प्रयास में हैं कि कैसे दोनों देशों के बीच फूट डलवाएं। ज़रीफ़ ने कहा कि अमेरिका सहित दुनिया का कोई भी देश हमारे बीच मौजूद रिश्तों और संबंधों में दरार डालने में कभी कामयाब नहीं हो पाएगा। (RZ)