वेनेज़ोएला के आंतरिक मामलों में ईरान के हस्तक्षेप का अमरीकी आरोप हास्यास्पद
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वेनेज़ोएला के आंतरिक मामलों में ईरान के हस्तक्षेप के अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पेयो के आरोप को हास्यास्पद बताया और इसकी कड़ी निंदा की।
सैयद अब्बास मूसवी ने कहा कि ट्रम्प का अमरीका चाहता है कि 19वीं शाताब्दी की तरह अब भी पूरे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र उसकी जागीर बना रहे लेकिन उसे इस सच्चाई का पता नहीं है कि दुनिया के राष्ट्र और लैटिन अमेरिकी देशों की जनता जाग चुकी है और समय का पहिया पीछे की ओर घूमने वाला नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वेनेज़ोएला की सरकार के अनुरोध पर ईरानी विशेषज्ञ वेनेज़ोएला के पानी और बिजली के नेटवर्क की समस्याएं दूर करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि अमरीका ने वेनेज़ोएला का 30 अरब डालर का विदेशी मुद्रा भंडार लूट लिया और इस देश को अपने आर्थिक आतंकवाद का निशाना बनाया है।
सैयद अब्बास मूसवी ने कहा कि अमरीका वेनेज़ोएला की जनता को मजबूर कर रहा है कि यह वह अपनी क़ानूनी सरकार के विरुद्ध बग़ावत करे या भूखों मरने के लिए तैयार रहे, यह वेनेज़ोएला के मामले में अमरीका का खुला हुआ हस्तक्षेप है जो निंदनीय है।
माइक पोम्पेयो ने हाल ही में वाइस आफ़ अमेरिका को इंटरव्यू देते हुए ईरान पर आरोप लगाया कि वह लैटिन अमेरिका में विध्वंसकारी कार्यवाहियां कर रहा है और अमरीका इसका मुक़ाबला करेगा।