विश्व पुस्तक दिवस, तेहरान में 32वें अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले का उद्घाटन
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i74656-विश्व_पुस्तक_दिवस_तेहरान_में_32वें_अंतर्राष्ट्रीय_पुस्तक_मेले_का_उद्घाटन
आज दुनिया भर के 100 से अधिक देशों में पुस्तकों और कॉपी राइट्स का विश्व दिवस मनाया जा रहा है, संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूनेस्को की महापरिषद ने 1995 में 23 अप्रैल को विश्व पुस्तक दिवस घोषित किया था।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २३, २०१९ १५:३४ Asia/Kolkata
  • विश्व पुस्तक दिवस, तेहरान में 32वें अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले का उद्घाटन

आज दुनिया भर के 100 से अधिक देशों में पुस्तकों और कॉपी राइट्स का विश्व दिवस मनाया जा रहा है, संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूनेस्को की महापरिषद ने 1995 में 23 अप्रैल को विश्व पुस्तक दिवस घोषित किया था।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, विश्व पुस्तक दिवस मनाने का उद्देश्य किताबें पढ़ने की रूचि को बढ़ावा देना और अच्छी किताबें लिखने वाले लेखकों का प्रोत्साहन करना है। पुस्तकों के पाठकों में इधर कुछ वर्षों में बहुत अधिक कमी आई है, जिसके कई कारण हैं, जैसे किताबें ख़रीदने वालों की संख्या में कमी आना और आज कल मोबाइल, इंटरनेट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का बढ़ता प्रभाव और उसके अधिक इस्तेमाल ने भी लोगों को किताबों से दूर कर दिया है। इसी तरह  अच्छी पुस्तकों का कम प्रकाशित होना, सरकारी स्तर पर भी लेखकों और किताबों की ओर कम ध्यान दिया जाना और पुस्तकालयों के लिए उपयुक्त संसाधनों की आपूर्ति में आई कमी के अलावा सबसे महत्वपूर्ण बात परिवार और शैक्षिक संस्थानों द्वारा पुस्तकों के पाठकों को बढ़ावा देने के प्रयासों का न होना यह सब ऐसे कारण हैं कि जिसकी वजह से लोग किताबों से दूर होते जा रहे हैं।

इस बीच जहां पूरी दुनिया में कुछ संस्थाएं हैं जो किताब को लेकर अलग-अलग अभियान चला रही हैं और लोगों को फिर से पुस्तकों की ओर लाने की कोशिश कर रही हैं, वहीं इस्लामी गणतंत्र ईरान ने भी किताबों के प्रकाशन से लेकर इसके पाठकों की संख्या को बढ़ाने के लिए काफ़ी कार्य किए हैं। ईरान में इस्लामी क्रांति के बाद से ही किताब और उसके पढ़ने वालों की संख्या को बढ़ाने के लिए अलग-अलग स्तर पर पुस्तक मेलों का आयोजन किया जाता रहा है। इस संबंध में ईरान की राजधानी में हर वर्ष एक अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन होता है। इस वर्ष भी ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित “इमाम ख़ुमैनी (रह) मुसल्लाह” में 32वें पुस्तक मेले का 23 अप्रैल मंगलवार को उद्घाटन हुआ।

तेहरान में आयोजित पुस्तक मेले में इस वर्ष चीन विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुआ है, जबकि इस अतंर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले में 2 हज़ार 400 ईरानी प्रकाशकों के साथ-साथ 800 विदेशी प्रकाशक भी भाग ले रहे हैं। यह पुस्तक मेला 23 अप्रैल से 4 मई तक इमाम ख़ुमैनी मुसल्लाह में जारी रहेगा जिसमें 50 प्रतिशत तक किताब ख़रीदने वालों को छूट दी जाएगी। (RZ)