रोयटर्ज़ की ख़बर को ईरान ने रद्द किया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने रोयटर्ज़ की उस ख़बर को रद्द किया है जिसमें इस न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि ईरान ने परमाणु समझौते जेसीपीओए में बाक़ी रहने के लिए 15 लाख बैरल कच्चा तेल बेचने की शर्त लगायी है।
सय्यद अब्बास मूसवी ने मंगलवार को कहाः ईरानी राष्ट्रपति के जेसीपीओए के बाक़ी बचे देशों के राष्ट्राध्यक्षों को ख़त में ईरान के दृष्टिकोण और उसकी उचित मूल मांगों को साफ़ तौर पर बयान किया गया है।
मूसवी ने कहा कि इस तरह की ख़बरें बनाना और त्रुटीपूर्ण अटकलें व अनुमान लगाना न सिर्फ़ यह कि सही नहीं है बल्कि इससे उस माहौल को नुक़सान पहुंच सकता है जो मौजूदा हालात में गंभीर कूटनीति के लिए ज़रूरी है।
ईरानी राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी ने 8 मई 2019 को रूस, फ़्रांस, ब्रिटेन, चीन और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों के नाम ख़त में अमरीका के परमाणु समझौते जेसीपीओए से ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से निकलने तथा इस देश द्वारा वचन के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए बल दिया कि जेसीपीओए में बचे हुए देशों के पास अपने अपने वचन को पूरा करने के लिए 60 दिनों का वक़्त है। (MAQ/N)