प्रतिरोध ही है ईरान की निश्चित रणनीतिः अबूतोराबी फ़र्द
तेहरान के इमामे जुमा ने कहा है कि शत्रु के मुक़ाबले में ईरान की रणनीति, कड़े प्रतिरोध पर आधारित है।
हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन "सैयद मुहम्मद हसन अबूतोराबी फ़र्द" ने अमरीका के अत्याधुनिक जासूसी ड्रोन को मार गिराए जाने को ईरान की शक्ति का चिन्ह बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना के माध्यम से सबको ईरान के फ़ौलादी इरादे का पता चल गया है। अबूतोराबी फ़र्द ने क्षेत्र में ईरान के बढ़ते प्रभाव और क्षेत्र में अमरीकी नीतियों की विफलता की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि ईरान की प्रतिरोधक रणनीति का स्पष्ट संदेश यह है कि जल, थल और वायु जिस ओर से भी अतिक्रमण किया जाएगा तेहरान, उसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
इमामे जुमा ने बताया कि वर्तमान समय में अमरीकी राजनेता अन्तर्राष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन करके विश्व शांति के लिए ख़तरे पैदा कर रहे हैं। अबूतोराबी फ़र्द ने कहा कि अमरीकी प्रतिबंधों ने इस देश के प्रशासन को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के उद्दंडी में परिवर्तित कर दिया है। उन्होंने क्षेत्र में प्रतिरोध की विजय पताका की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता की नीतियों, फ़िलिस्तीनियों की एकजुटता तथा कुछ इस्लामी देशों के सहयोग ने फ़िलिस्तीन के संदर्भ में ट्रम्प के सपनों को साकार होने से रोक दिया जिसका ज्वलंत उदाहरण मनामा बैठक है।