ईरान के बारे में ट्रम्प ने की टेरीज़ा मे से वार्ता
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने ईरान के संबन्ध में ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे से टेलिफोन पर बात की है।
वाइट हाउस ने शनिवार को बयान जारी करके बताया है कि अमरीका तथा ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों ने इस्लामी गणतंत्र ईरान के बारे में बातचीत की है। इस बयान के अनुसार इस टेलिफोनी वार्ता में ईरान के विषय के अतिरिक्त सीरिया के विरुद्ध नए प्रतिबंधों और उत्तरी कोरिया के परमाणु निशस्त्रीकरण को लेकर भी बात की गई। वाइट हाउस के बयान में इस टेलिफोनी वार्ता के बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा गया है।
विशेष बात यह है कि ट्रम्प ने ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा में से इस स्थिति में यह टेलिफोन वार्ता की है कि जब 7 जूलाई 2019 को ईरान की ओर से यूरोप को जेसीपीओए के संबन्ध में दी जाने वाली 60 दिनों की समय अवधि समाप्त हो रही है। परमाणु समझौते के 26वें तथा 36वें अनुच्छेद के आधार पर सामने वाले पक्ष की ओर से इस समझौते के प्रति अपने वचन पूरा न करने की स्थिति में ईरान को यह अधिकार होगा कि वह आंशिक या पूर्ण रूप से अपनी कटिबद्धताओं को रोक दे।