आईआरजीसी ने ब्रिटिश तेल टैंकर को रोकने के दावे को ख़ारिज किया
आईआरजीसी ने एक बयान में कहा है कि फ़ार्स की खाड़ी में ब्रिटेन के एक तेल टैंकर को रोके जाने का अमरीकी सूत्रों का दावा निराधार है।
सिपाह न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार इस्लामी क्रांति संरक्षक बल ने अमरीकी सूत्रों के इस दावे को निराधार बताया है कि आईआरजीसी की नौसेना ने फ़ार्स की खाड़ी में ब्रिटेन के एक तेल टैंकर को रोकने की कोशिश की थी। अमरीका रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कुछ पश्चिमी संचार माध्यमों ने रिपोर्ट दी थी कि ईरान की 5 स्पीड बोट्स ने ब्रिटेन के एक तेल टैंकर पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश की थी लेकिन एक ब्रिटिश पोत के बीच में आ जाने के कारण ईरान की स्पीड बोट्स पीछे हट गईं।
आईआरजीसी की नौसेना ने बताया है कि इस्लामी क्रांति संरक्षक बल की नौकाएं फ़ार्स की खाड़ी में अपने दायित्वों के आधार पर पूरी होशियारी और चेतना के साथ अपनी गश्त का काम जारी रखे हुए हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान ब्रिटेन के तेल टैंकर समेत किसी भी विदेशी समुद्री जहाज़ से उनका कोई सामना नहीं हुआ है। (HN)