जेसीपीओए के योरोपीय भागीदारों से ईरान की अपेक्षा
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i77247-जेसीपीओए_के_योरोपीय_भागीदारों_से_ईरान_की_अपेक्षा
ईरान को परमाणु समझौते जेसीपीओए के योरोपीय पक्षों से अपेक्षा है कि वे इस समझौते के लागू होने की प्रक्रिया में व्यवहारिक क़दम उठाएंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १६, २०१९ १२:५१ Asia/Kolkata

ईरान को परमाणु समझौते जेसीपीओए के योरोपीय पक्षों से अपेक्षा है कि वे इस समझौते के लागू होने की प्रक्रिया में व्यवहारिक क़दम उठाएंगे।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सय्यद अब्बास मूसवी ने जेसीपीओए के बारे में फ़्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्षों के रविवार के बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि जेसीपीओए में वर्णित पाबंदियों के हटने से ईरान के व्यवहारिक रूप से लाभान्वित और योरोपीय पक्षों की ओर से राजनैतिक संकल्प साबित हुए बिना, ईरान से 8 मई 2019 से पहले वाली स्थिति में वापस लौटने की अपेक्षा इस समझौते के उद्देश्य व भावना के विपरीत है।

फ़्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के राष्ट्राध्यक्षों ने एक बयान में जेसीपीओए का सिर्फ़ शाब्दिक समर्थन करते हुए दावा किया कि इस समझौते का जारी रहना ईरान की ओर से पूरी तरह इसके अनुसरण पर निर्भर है और हम ईरान से चाहते हैं कि वह इस संबंध में अपने हालिया फ़ैसले से पलट जाए।

ईरान ने 7 जुलाई को योरोप को परमाणु समझौते में वर्णित उसकी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए दी गयी 60 दिन की मोहलत के ख़त्म होते ही इस समझौते के अनुच्छेद 26 और 36 के आधार पर अपनी प्रतिबद्धताओं को कम करने के लिए दूसरा चरण उठाते हुए संवर्धित युरेनियम के स्तर को बढ़ा दिया।

ईरान शुरु से योरोपीय पक्षों को सचेत करते हुए आ रहा है कि अगर उन्होंने परमाणु समझौते में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा न किया तो इस्लामी गणतंत्र ईरान तीसरा क़दम उठाएगा, जो पिछले क़दम से ज़्यादा ठोस होगा।

इस समय परमाणु समझौता योरोप की शक्ति व स्वाधीनता को परखने की कसौटी बन गया है। योरोप को अपनी स्वाधीन पहचान या अमरीकी एकपक्षवाद का अनुसरण करने के बीच किसी एक को चुनना होगा।

योरोप जेसीपीओए के संबंध में ऐसी स्थिति में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरी करने में लापरवाही कर रहा है कि अमरीका ने योरोपीय राष्ट्रों सहित पूरी दुनिया के सामने उस समझौते को पैरों तले कुचल दिया जिस पर ख़ुद योरोपीय देशों ने दस्तख़त किए हैं। योरोप ज़बान से तो जेसीपीओए से अमरीका के निकलने के क़दम को ग़लत व अतार्किक बताता है लेकिन अभी तक वह इस समझौते को बचाने के लिए यहां तक कि इन्सटैक्स के स्तर पर भी ठोस फ़ैसला करने के लिए तय्यार नहीं है। (MAQ/T)