ईरानी विदेशमंत्री पर अमरीकी प्रतिबंध, स्वंय अमरीकियों ने क्या कहा ?
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i77804-ईरानी_विदेशमंत्री_पर_अमरीकी_प्रतिबंध_स्वंय_अमरीकियों_ने_क्या_कहा
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ पर अमरीका द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने पर ईरान व विश्व के अलावा स्वंय अमरीका में भी तीखी प्रतिक्रिया प्रकट की गयी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug ०१, २०१९ ०९:२० Asia/Kolkata
  • ईरानी विदेशमंत्री पर अमरीकी प्रतिबंध, स्वंय अमरीकियों ने क्या कहा ?

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ़ पर अमरीका द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने पर ईरान व विश्व के अलावा स्वंय अमरीका में भी तीखी प्रतिक्रिया प्रकट की गयी है।

अमरीकी विदेशमंत्रालय की पूर्व अधिकारी और परमाणु वार्ता में भाग लेने वाली " वेन्डी शरमन" ने ट्वीट किया है कि ईरानी विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ पर प्रतिबंध लगाने का ट्रम्प सरकार का फैसला, वार्ता और कूटनीति की प्रक्रिया को कोई लाभ नहीं पहुंचाएगा। 

अमरीकी विदेशमंत्रालय के पूर्व सलाहकार और नेटो में उसके पूर्व राजदूत " राबर्ट हंटर" ने ईरानी विदेशमंत्री पर प्रतिबंध को, दो देशों के मतभेदों को व्यक्तिगत स्तर तक ले जाना बताया और कहा कि यह क़दम, वार्ता के लिए एतिहासिक कूटनीतिक  सिद्धान्त के विपरीत है। 

अमरीकी विदेशमंत्रालय में जेसीपीओए के पूर्व समन्वयकर्ता जेयर्ट ब्लांक ने ट्रम्प सरकार के कुछ लोगों के प्रयासों की सफलता का उल्लेख करते हुए उन लोगों को मूर्ख, झूठे और घातक कहा। 

उन्होंने ट्वीट करके अमरीका के इस एलान को कि वह ईरान की उस हस्ती से संपर्क करना चाहता है जो फैसले करता है, अतार्किक व निराधार बताया है। 

अमरीका के पूर्व सीनेटर क्रिस मर्फी ने भी ट्वीट किया है कि यदि सच में हमारा रुख यह है कि हम ईरान के साथ वार्ता करना चाहते हैं तो शायद इस देश के वरिष्ठ वार्ताकार पर प्रतिबंध नहीं लगाना चाहिए , आप को बेहतर पता है। 

ईरान के साथ परमाणु वार्ता के दौरान, अमरीकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य " रिचर्ड निफ्यू" ने लिखा है कि प्रतिबंधों की सूचि में जवाद ज़रीफ का नाम दर्ज किया जाना, ट्रम्प सरकार के अत्याधिक हास्यास्पद क़दमों में से है इस से जवाद ज़रीफ की कूटनीति  पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। 

अमरीका में ईरानियों की परिषद की पूर्व प्रमुख " ट्रीटा पारसी" ने लिखा है कि ईरानी विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ पर प्रतिबंध के ट्रम्प के मूर्खतापूर्ण फैसले के बाद आशा है कि संचार माध्यम अब यह सवाल पूछना छोड़ देंगे कि ईरान क्यों ट्रम्प के साथ वार्ता स्वीकार नहीं कर रहा है?  ट्रम्प टीम अपने फैसलों से यह साबित कर रही है कि वह कूटनीति में विश्वास नहीं रखती । 

अमरीकी वित्तमंत्रालय ने ईरान के स्थानीय समयानुसार गुरुवार तड़के ईरान के विदेशमंत्री जवाद ज़रीफ का नाम प्रतिबंधित लोगों की सूचि में दर्ज कर दिया है। (Q.A.)