चीन से ईरान के रणनैतिक संबंध हैंः विदेशमंत्री
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने तेहरान-बीजिंग संबंधों को बहुआयामी और रणनैतिक क़रार दिया है।
ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सोमवार को बीजिंग में चीन के विदेशमंत्री वांग यी से मुलाक़ात में ईरान और चीन के लंबे और रणनैतिक संबंधों में व्यापक विस्तार पर बल दिया और चीन के विरुद्ध अमरीका के आर्थिक दबाव और प्रतिबंधों तथा आंतरिक मामलों में वाशिंग्टन और कुछ पश्चिमी देशों के हस्तक्षेप की निंदा की।
श्री जवाद ज़रीफ़ ने इस्लामी गणतंत्र ईरान की ओर से एकजुट चीन की नीति का भी समर्थन किया। इस मुलाक़ात में चीन के विदेशमंत्री वांग यी ने बहुपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय समझौतों की प्रतिबद्धता तथा सुरक्षा परिषद की हैसियत की रक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि चीन हर उस कार्यवाही का समर्थन करता है जो क्षेत्र में तनाव की कमी और शांति और स्थिरता में वृद्धि का कारण बने।
चीन के विदेशमंत्री वांग यी ने परमाणु समझौते की ओर संकेत करते हुए कहा कि परमाणु समझौते में ईरान के क़ानूनी अधिकारों और आर्थिक लाभ प्राप्त होने चाहिए। ईरान और चीन के विदेशमंत्रियों ने समस्त क्षेत्रों में परस्पर संबंधों में विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

इससे पहले इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री अपने ट्वीटर पेज पर फ़्रांस और चीन के अपने दौरे की ओर संकेत करते हुए लिखा कि आने वाले दिन बहुत ही महत्वपूर्ण होंगे।
विदेशमंत्री ने कहा कि ईरान और चीन के बीच व्यापक रणनैतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने और एक रोडमैप एक बेल्ट योजना में सक्रिय भूमिका अदा करने के लिए वह बीजिंग में 25 वर्षीय रोडमैप पेश करेंगे।
ज्ञात रहे कि ईरान के विदेशमंत्री डाक्टर मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ फ़्रांस से वापसी के बाद एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल के साथ सोमवार की सुबह चीन के दौरे पर बीजिंग पहुंचे। विदेशमंत्री चीन के बाद जापान और मलेशिया का भी दौरा करेंगे। (AK)