अंकारा में रूहानी और तुर्क प्रधानमंत्री की मुलाक़ात
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i7870-अंकारा_में_रूहानी_और_तुर्क_प्रधानमंत्री_की_मुलाक़ात
राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने ईरान और तुर्की के संबंधों को दोनों देशों, क्षेत्र और इस्लामी जगत के हित में बताया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १६, २०१६ १३:१५ Asia/Kolkata
  • अंकारा में रूहानी और तुर्क प्रधानमंत्री की मुलाक़ात

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने ईरान और तुर्की के संबंधों को दोनों देशों, क्षेत्र और इस्लामी जगत के हित में बताया।

डाक्टर हसन रूहानी ने शुक्रवार की रात तुर्की के प्रधानमंत्री अहमद दाऊद ओग़लू से अंकारा में मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में उन्होंने तेहरान-अंकारा के द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने तथा प्रतिबंधों के बाद दोनों देशों में मौजूद क्षमताओं से भरपूर ढंग से लाभ उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

राष्ट्रपति रूहानी ने संबंधों के विस्तार के लिए ईरान और तुर्की की सरकार के इरादों की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान और तुर्की, सहयोग तथा आपसी सूझबूझ से बहुत सी क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

डाक्टर हसन रूहानी ने सहयोग के विस्तार के लिए ईरान और तुर्की के निजी विभागों को अधिक प्रोत्साहित किए जाने को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ईरान और तुर्की, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग करके दोनों देशों के मध्य तीस अरब डाॅलर के आदान-प्रदान के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

राष्ट्रपति रूहानी ने इसी प्रकार ओआईसी के तेरहवें शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए तुर्क अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और आशा व्यक्त की कि तुर्की की अध्यक्षता में इस्लामी देशों के मध्य सहयोग और अधिक मज़बूत होंगे।

राष्ट्रपति ने मुसलमानों के मध्य एकता में इस्लामी सहयोग के कमज़ोर क्रियाकलापों की आलोचना करते हुए कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था को इस्लामी जगत के मध्य एकता को मजबूत करने के लिए प्रयोग किया जाना चाहिए।

इस मुलाक़ात में तुर्की के प्रधानमंत्री ने ईरान के साथ व्यापक संबंधों के विस्तार के लिए अपने देश के गंभीर संकल्प पर बल दिया और आतंकवाद को पूरी दुनिया और क्षेत्रीय देशों के लिए ख़तरा बताया। (AK)